पूर्व गैंगस्टर बच्ची पांडेय ने कहा- अजीत डोवाल साहब आदेश दें तो मैं बांग्लादेश में तबाही मचा दूँ!

बच्ची पांडेय

अकेला

दाऊद इब्राहीम, छोटा राजन, अरुण गवली, अमर नाईक के बाद मुंबई अंडरवर्ल्ड में “शूटर” बच्ची पांडेय का नाम भी “अदब” के साथ लिया जाता है। 33 आपराधिक मामलों से “मोकला” होकर आराम की ज़िन्दगी फरमा रहे बच्ची पांडेय बांग्लादेश में हिन्दुओं के साथ हो रहे अत्याचार से अत्यंत क्षुब्ध हैं। बच्ची पांडेय का कहना है कि- यदि अजीत डोवाल साहब आदेश दें तो वे फिर से हथियार उठा सकते हैं और बांग्लादेश सरकार को सबक सिखा सकते हैं। बांग्लादेश में तबाही मचा सकते हैं। बच्ची पांडेय प्रयागराज में महाकुम्भ की उत्तम व्यवस्था से अचंभित हैं। इसके लिए वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को साधुवाद देते हैं।

ABI (abinewz.com) से एक मुलाकात में बच्ची पांडेय ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किये। मूलतः उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहनेवाले रामचंद्र पांडेय उर्फ़ बच्ची पांडेय की पढ़ाई-लिखाई मुंबई (अँधेरी) में हुई और वे ‘शौकिया’ मुंबई अंडरवर्ल्ड के शूटर बन गए। वर्तमान में बच्ची पांडेय की उम्र 64 साल है जिसमें से 25 साल उन्होंने जेल में बिताये हैं। बच्ची पांडेय से मिलने के बाद बिल्कुल नहीं लगता कि इस बन्दे ने 25 साल जेल की ‘काल कोठरी’ में बिताये हैं। जेल में मिला ‘सुख-चैन’ चेहरे की चमक से परिलक्षित होता है।

बच्ची पांडेय कहते हैं- बांग्लादेश में हिन्दू अल्पसंख्यक हैं। उनके साथ वहां बहुत अत्याचार हो रहा है। टेलीविजन में समाचार देख-देख कर मन बहुत खिन्न है। मैं भी सनातनी हिन्दू हूँ। ब्राह्मण हूँ। हालांकि अपराध को मैंने बाय-बाय कर दिया है। परन्तु राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल साहब अगर आदेश दें तो मैं बांग्लादेश में तबाही मचा दूँ। बांग्लादेश सरकार को सबक सिखा दूँ। हम सब अजीत डोवाल साहब की बहुत रिस्पेक्ट करते हैं। सम्मान करते हैं। उनके आदेश देने की देर है।

बच्ची पांडेय प्रयागराज महाकुम्भ में स्नान करने जा रहे हैं। संगम पर डुबकी लगाने जा रहे हैं। वे कहते हैं महाकुम्भ में राज्य सरकार की व्यवस्था अति उत्तम है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वे अवतारी पुरुष मानते हैं। उनका कहना है कि योगी आदित्यनाथ की नीतियों की वजह से नवजवान मुख्य धारा में आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों पर जिस तरह से अंकुश लगा है रोमांचित करता है।

अपराध की दुनिया से अलग होकर समाजसेवा, कंस्ट्रक्शन, प्लॉटिंग के धंधे में रचे बसे बच्ची पांडेय का कहना है कि महामहिम नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ ने देश-विदेश में राष्ट्रवाद और हिन्दुत्ववाद की अलख जगा दी है। हिन्दू जाग रहा है। मैं भी राष्ट्र और हिंदुत्व के लिए कुछ करना चाहता हूँ। मेरा खूनी इतिहास रहा है। ज़िन्दगी का बाकी दिन देश और हिंदुत्व को देना चाहता हूँ। वे कहते हैं- धर्मो रक्षति रक्षितः। यह एक लोकप्रिय संस्कृत वाक्यांश है जो महाभारत और मनुस्मृति में मिलता है। इसका अर्थ है कि “धर्म की रक्षा करने पर वह (रक्षा करने वाले की) रक्षा करता है।”

अंत में बच्ची पांडेय यह भी वादा करते हैं कि वे ABI को अगला इंटरव्यू खुद देंगे जिसमें बताएँगे कि उल्हासनगर का गैंगस्टर/पॉलिटीशियन सुरेश बुधरमल कालानी उर्फ़ पप्पू कालानी कितना घटिया इंसान है। कितना चिरकुट लीडर है…… !

Leave a Comment