सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर बापूराव देशमुख रिश्वत लेते गिरफ्तार

बापूराव देशमुख

महाराष्ट्र राज्य की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की मुंबई इकाई ने मंगलवार, 13 मई 2025 को रात को गोवंडी के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर बापूराव देशमुख को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। एक शैक्षणिक संस्थान को पुलिस सुरक्षा देने के एवज में बापूराव देशमुख ने संस्थान के ट्रस्टी से तीन लाख रुपये रिश्वत माँगी थी।

ACB प्रेस नोट के अनुसार शिकायतकर्ता के शैक्षणिक संस्थान में दो गुटों में विवाद चल रहा है। 15 अगस्त 2024 को कुछ लोगों ने गेट का ताला तोड़कर संस्थान में घुसकर कब्ज़ा कर लिया। तब संस्थान के ट्रस्टी ने चैरिटी कमिश्नर और शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन से संपर्क किया था। ट्रस्टी ने बापूराव देशमुख से कहा कि जब तक चैरिटी कमिश्नर का कोई फैसला नहीं आ जाता तब तक उनके संस्थान को पुलिस सुरक्षा दी जाये। तब बापूराव देशमुख ने पुलिस सुरक्षा देने के बदले तीन लाख रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में बापूराव देशमुख ढाई लाख रुपये लेने पर राजी हो गए। उसी ढाई लाख रुपये की पहली किस्त एक लाख रुपये लेते ACB ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

57 वर्षीय बापूराव मधुकर देशमुख इसी साल के अंत में रिटायर होने वाले थे।

Leave a Comment