महाराष्ट्र में बाघ के हमलों में दो लोगों की मौत

 

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में रविवार को बाघ के हमलों में दो लोगों की मौत हो गई। इन दो मौतों के साथ, चंद्रपुर जिले में 10 मई से अब तक मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कुल आठ लोगों की जान जा चुकी है। इनमें सिंदेवाही तहसील में तीन महिलाओं पर हुए हमले भी शामिल हैं।

एक वन अधिकारी ने बताया कि इनमें से एक हमला उस समय हुआ जब कुछ ग्रामीण सुबह-सुबह जंगल में तेंदू पत्ते इकट्ठा करने गए थे। पहली घटना में वधोना गांव के 64 वर्षीय मारोती शेंडे पर ब्रह्मपुरी वन प्रभाग के तलोधी वन क्षेत्र में एक बाघ ने हमला कर दिया। यह क्षेत्र नागभीड़ तहसील में आता है। हमले में घायल शेंडे को वन कर्मचारियों ने तुरंत सिंदेवाही के ग्रामीण अस्पताल में पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

एक अन्य घटना में मुल तहसील के शिवपुर-चेक गांव के निवासी रुशी पेंडोर की बाघ के हमले में मौत हो गई। TATR के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रुशी शनिवार को लापता हो गए थे। इसके बाद बफर जोन के मुल रेंज में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें उनका शव बरामद हुआ. अधिकारी ने पुष्टि की कि उनकी मौत भी बाघ के हमले से हुई।

Leave a Comment