मध्य प्रदेश में पंचायत को ही रख दिया गिरवी, FIR दर्ज, सरपंच बर्खाश्त

 

मध्य प्रदेश के गुना जिले के करोद और चाचौड़ा की रामनगर पंचायत को 20 लाख रुपये में गिरवी रखने के आरोप में दोनों महिला सरपंच के खिलाफ FIR दर्ज की गयी है। दोनों घटनाएं अलग अलग हैं। मध्य प्रदेश पंचायत राज और ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 40 के तहत दोनों सरपंच को बर्खाश्त कर दिया गया है। यह घटना तब हुई, जब क्षेत्र के विधायक और सांसद दोनों भाजपा से हैं।

जानकारी के अनुसार, महिला आरक्षित सीट ग्राम पंचायत करोद में चुनाव के बाद से ही दबंगों ने अपना कब्जा जमा लिया था। सरपंच का चुनाव लड़ने के लिए लक्ष्मी बाई पत्नी शंकर सिंह गौड़ ने गांव के ही हेमराज सिंह धाकड़ से 20 लाख रुपए उधार लिए थे। पैसों की गारंटी पंच रणवीर सिंह कुशवाह ने ली थी। एग्रीमेंट में लिखा गया था कि चुनाव जीतने के बाद पंचायत में जो भी विकास कार्य किए जाएंगे उसका 5% कमीशन सरपंच लक्ष्मी बाई को दिया जाएगा।

विकास कार्य कराने के लिए पंच रणवीर सिंह कुशवाह को सरपंच प्रतिनिधि के तौर पर नियुक्त किया जाता है। 20 लाख रुपए के चेक हेमराज सिंह धाकड़ के पास बतौर गारंटी के रूप में रखे गए हैं। पंचायत में जो भी सरकारी पैसे से काम किए जाएंगे। उसी के पैसों से हेमराज सिंह धाकड़ का लोन चुकाया जाएगा।

100 रुपए के स्टांप पर एग्रीमेंट करते हुए सरपंच लक्ष्मीबाई, उसके पति शंकर सिंह और पंच रणवीर सिंह कुशवाह समेत रविन्द्र सिंह ने हस्ताक्षर किए। ये एग्रीमेंट 28/11/2022 में किया गया था। 20 लाख रुपए का लोन लेने के बाद तीसरे व्यक्ति को पंचायत गिरवी रख दी गई। महिला सरपंच की चेक बुक, पंचायत की सील समेत अन्य दस्तावेज भी लोन देने वाले साहूकार हेमराज सिंह कुशवाह के पास गिरवी रख दिए गए।

इसी तरह चाचौड़ा की रामनगर पंचायत में आदिवासी महिला सरपंच मुन्नीबाई सहरिया ने गांव के दबंग रामसेवक मीना से पैसे उधर लेकर चुनाव लड़ा था। चुनाव जीतने के बाद दोनों के बीच एग्रीमेंट हुआ कि पंचायत पर रामसेवक मीना का हक होगा जिसके बदले वो एक लाख रुपए सालाना सरपंच मुन्नीबाई को अदा करेगा।

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि ये दोनों मामला बेहद गंभीर है। जांच के बाद दोनों महिला सरपंचों को पद से हटाया गया है। जो भी व्यक्ति पैसे देकर वसूली कर रहे थे उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

5 Thoughts to “मध्य प्रदेश में पंचायत को ही रख दिया गिरवी, FIR दर्ज, सरपंच बर्खाश्त”

Leave a Comment