इस्कॉन कोलकाता ने 20 साल की खोज के बाद भगवान जगन्नाथ के विशाल रथ के लिए नए टायर ढूंढ़ लिए हैं। बोइंग 747 जंबो जेट से मंगाए गए पुराने टायरों को सुखोई लड़ाकू विमानों में इस्तेमाल किए जाने वाले टायरों से बदल दिया गया है और इन्हें MRF ने खास तौर से डिजाइन किया है। कोलकाता में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा 27 जून को निकाली जाएगी।
यात्रा के दौरान रथ पर सवार भगवान और अन्य लोगों के वजन को ध्यान में रखते हुए इस्कान की टीम ने महसूस किया कि टायरों को करीब 16 टन वजन उठाने की जरूरत होगी। इससे पहले डनलप से बात की गयी, लेकिन उन्होंने इन टायरों का निर्माण बंद कर दिया था। व्यापक शोध के बाद, पाया गया कि सुखोई टायर सबसे बेहतर हैं। फिर सबसे पहले 2018 में MRF से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। आखिरकार, वे 6 साल बाद वापस आए। दिसंबर 2024 में, उन्होंने एक टीम भेजी, कीमत तय की और उन्होंने एक महीने पहले टायर डिलीवर कर दिए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जब इस्कॉन कोलकाता ने पहली बार MRF के अधिकारियों को अपनी आवश्यकता बताई तो वो हैरान रह गए थे। एमआरएफ ने भरोसा दिलाया कि उनके टायरों में पर्याप्त भार वहन करने की क्षमता है। चारों टायरों की कुल कीमत 1.80 लाख रुपये है। टायरों की डिलीवरी और फिट होने के बाद 24 किलोमीटर का ड्राई रन आयोजित किया गया और सब कुछ ठीक पाया गया।
उड़ीसा में भगवान जगन्नाथ की यात्रा सदियों से निकाली जा रही है। लेकिन कोलकाता में भगवान की रथ यात्रा की शुरुआत 1972 में तीन देवताओं को लेकर एक छोटे रथ से शुरू हुई थी, जिसे शहर की सड़कों पर निकाला गया था। पांच साल बाद, इस्कॉन मंदिर से जुड़े एक सदस्य ने भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहनों, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के लिए तीन नए रथ दान किए। तब भगवान जगन्नाथ के रथ में बोइंग जेट के सेकेंड हैंड टायर लगाए गए थे।

https://shorturl.fm/nqe5E