बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी

अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया के विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। विजय रूपाणी अपनी बेटी से मिलने लन्दन जा रहे थे। सियासत से इतर विजय रूपाणी के निजी जीवन की बात करें तो विजय रूपाणी ने भाजपा महिला विंग की सदस्य अंजलि से शादी की। रूपाणी के परिवार में एक बेटा ऋषभ और बेटी राधिका हैं। बेटी शादीशुदा है।

गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने विजय रूपाणी की मौत पुष्टि की है। सी आर पाटिल ने कहा- हमारे नेता पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी इसी उड़ान में अपने परिवार से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे। वह भी इस हादसे के शिकार हुए हैं।

विजय रूपाणी 68 साल के थे। वह 2016 से 2020 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। मुख्यमंत्री बनने से पहले रूपाणी जुलाई, 2006 से 2012 के बीच राज्यसभा सदस्य रहे। साल 2014 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी की जगह आनंदीबेन पटेल ने ली थी। इसके लगभग दो साल बाद अगस्त, 2016 में विजय रूपाणी मुख्यमंत्री बने थे। पहले कार्यकाल में रूपाणी अगस्त, 2016 से दिसंबर, 2017 तक सीएम पद पर रहे। इसके बाद उन्होंने दिसंबर, 2017 से सितंबर, 2021 के बीच मुख्यमंत्री पद संभाला। वह पांच साल 37 दिन तक मुख्यमंत्री रहे।

विजय रूपाणी ने फरवरी से अगस्त, 2016 के बीच गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था। इससे पहले वर्ष 1996-97 में रूपाणी राजकोट नगर निगम के मेयर भी रहे थे।

एयर इंडिया के विमान बोइंग 787-8 में 242 यात्री सवार थे। खबर लिखे जाने तक 200 से ज्यादा शवों को बरामद किया जा चुका है। अहमदाबाद शहर के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक के हवाले से एक न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि दुर्घटनास्थल से कुल 204 शव बरामद किए गए हैं। पुलिस आयुक्त के अनुसार बरामद किए गए शवों में यात्री और जमीन पर मारे गए लोग दोनों शामिल हो सकते हैं, क्योंकि विमान दोपहर के भोजन के समय हवाई अड्डे के बाहर एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बता दें कि, यात्रियों में 217 वयस्क, 11 बच्चे और दो शिशु शामिल थे। वहीं एयर इंडिया ने बताया है कि विमान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई सवार थे।

Leave a Comment