उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के महोबा जिले में एक पत्नी ने अपने पति को मायके बुलाया और वहीं पर चाय में ज़हर देकर उसे मार डाला। पत्नी का एक लड़के से अफेयर चल रहा था जिसके चक्कर में पत्नी ने यह कदम उठाया। मृतक की पहचान श्रीकुमार हरिकृष्ण यादव के रूप में हुई है। श्रीकुमार यादव रिटायर्ड फौजी थे।
पुलिस के अनुसार जालौन के डकोर थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव के रहनेवाले फौजी श्रीकुमार यादव की शादी 18 अप्रैल 2024 को महोबा जिले के छानीकला गांव निवासी मधु यादव (22) से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद श्रीकुमार यादव मधु यादव को लेकर रोजगार के लिए अहमदाबाद चला गया। श्रीकुमार के भाई मुकेश यादव ने मीडिया को बताया कि मधु यादव ने जेवर बनवाने के नाम पर श्रीकुमार यादव की सारी कमाई अपने पास रख ली। वह दिनभर किसी से चैटिंग करती थी। बार बार टोकने पर वह पैसे लेकर अहमदाबाद से लौट आई। लेकिन वह अपने ससुराल मोहम्मदाबाद न जाकर सीधे मायके महोबा चली गई।
मधु यादव का किसी कुशल ठाकुर नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे लगातार चैटिंग करती थी। मधु यादव ने मायके से श्रीकुमार यादव को सलाह दी कि वह उसके भाई (साले) के साथ नौकरी के लिए राजस्थान के जयपुर चला जाये। मधु की बात मान श्रीकुमार राजस्थान चला गया, मगर कुछ समय बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसका साले से विवाद हो गया। इससे आहत होकर वह वापस अपने गांव मोहम्मदाबाद लौट आया।
कुछ दिन बाद श्रीकुमार यादव ने अपने ससुर को फोन कर कहा था कि वह अपनी पत्नी मधु को वापस लाने के लिए महोबा आ रहा है। इस पर ससुर ने उसे जान से मार डालने की धमकी दे दी। बावजूद इसके शनिवार को वह अपने ससुराल महोबा चला गया। आरोप है कि मधु यादव चाय में जहर देकर श्रीकुमार यादव को मार डाला। बाद में ससुराल वाले खुद ही श्रीकुमार को अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आश्चर्य की बात है कि शुरुआत में ससुर ने फोन कर बताया कि श्रीकुमार छत से गिर गया है। उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे हैं। जब श्रीकुमार के घरवाले जिला अस्पताल पहुंचे तो ससुराल वाले श्रीकुमार को अकेला छोड़ फरार हो गए थे। इतना ही नहीं जब श्रीकुमार यादव के परिजन मधु यादव के मायके गए तो वहां भी घर पर ताला लगा था। सब फरार थे।
इस सम्बन्ध में महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने मीडिया को बताया कि कबरई थाना क्षेत्र के छानीकला गांव में एक व्यक्ति ने बीवी के मायके से ससुराल न जाने पर कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर सुनियोजित साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
