उत्तर प्रदेश में तांत्रिक की हत्या, तंत्र क्रिया के बाद लड़की की मौत, परिजन ने समझा लड़की की मौत तंत्र मंत्र से हुई

गुलाब सिंह सैनी

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के कुंदरकी थाना इलाके के हरियाना गांव में घर में घुसकर एक तांत्रिक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने सीने, टांगों और प्राइवेट पार्ट के साथ-साथ पूरा शरीर चाकुओं से गोद डाला। शोर सुनकर पत्नी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी हमलावर मौके से भाग निकले। हत्या के पीछे की वजह तंत्र मंत्र बताई जा रही है। तांत्रिक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

घटना मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के हरियाना गांव की है। थाना कुंदरकी इलाके के गांव हरियाना के रहने वाले 60 साल के गुलाब सिंह सैनी झाड़ फूंक और तंत्र मंत्र का काम करते थे। रविवार तड़के करीब 3 बजे तांत्रिक गुलाब सिंह सैनी के घर में आरोपी घुस गए। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से गुलाब सिंह का गला काट दिया। गुलाब सिंह की बेटी पूजा ने बताया कि, मैं और मेरी तीन बहनें अपनी-अपनी ससुराल में थी वहीं रविवार की सुबह मां ने फोन करके पिता की हत्या के बारे में जानकारी दी। पूजा का कहना है कि पड़ोस के गाँव के रहने वाले संजीव की बहन बीमार थी। जिस पर उसकी फैमिली के लोग झाड़ फूंक के लिए उसे उसके पिता के पास लाए थे। मेरे पिता के जितना बस में था उतना उन्होंने झाड़ फूंक की, लेकिन वो उस युवती को बचा नहीं सके, इस पर युवती के परिवार ने समझा कि मेरे पिता ने तंत्र मंत्र कर जानबूझकर युवती को मार दिया है।

वहीं मृतक के भतीजे रामफल ने बताया कि जब लड़की की मौत हुई थी तभी आरोपी मेरे चाचा को मारने आए थे। तब मैंने और परिवार के लोगों ने उन्हें बचा लिया था। आरोपियों ने धमकी दी थी कि कब तक बचाओगे। एक न एक दिन मार देंगे। शनिवार रविवार की रात तड़के घर में घुसकर उन्होंने मेरे चाचा को मार दिया। हत्या की जानकारी पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर फर्श पर खून बिखरा था। सामान भी फैला था। एसपी ग्रामीण आकाश सिंह ने बताया कि तांत्रिक की पत्नी की तहरीर पर नामजद चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि हत्या में तंत्र विद्या से जुड़ा एंगल भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Comment