उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना के खड़कपुर जगतपुर के मदरसे का मौलाना जुल्फिकार दो नाबालिग छात्रों से पैर दबवाता था। नंगा कर उनके साथ अश्लील हरकत करता था। एक छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मौलाना के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। अब मौलाना फरार है।
मुरादाबाद पुलिस ने बुधवार को इस बारे में बताया कि संभल जिले के एचोंड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत की है। शिकायत में उसने बताया कि मेरा 9 साल का बेटा मूंढापांडे थाना के खड़कपुर जगतपुर के मदरसे में पढ़ता है। उसके साथ मेरा 10 साल का नाती भी वहीं पढ़ता है। दोनों को 6 महीने पहले ही मदरसे में पढ़ने के लिए भेजा गया था। दोनों वहीं पर रहकर पढ़ते हैं। मदरसे में संभल के छोटा हसनपुर निवासी मौलाना जुल्फिकार पढ़ाता है। पिता का शिकायत में कहना है कि सोमवार को बेटे ने फोन कर बताया कि मौलाना हर दिन उसे कमरे में बुलाता है, पैर दबवाता है। कमरे के अंदर कपड़े उतारने को कहता है। इनकार करने पर धमकाता है। कपड़े उतारने पर अश्लील हरकतें करता है। साथ ही किसी को घर में बताने पर सभी को जान से मारने की धमकी देता है। पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि बेटे की बात सुनकर वह पहले मदरसे पहुंचा। लेकिन मौलाना फरार हो गया था। फिर वह मंगलवार को दोनों बच्चों को लेकर मूंढापांडे थाने पहुंचा और तहरीर दी।
एसपी सिटी कुमार रणविजय ने बुधवार को बताया कि तहरीर के आधार पर मौलाना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मौलाना को गिरफ्तार करने के लिए टीम बना दी है। दबिश दी जा रही है।
