गुजरात पुलिस ने आख़िरकार सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर कीर्ति पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कीर्ति पटेल को 10 महीनों से खोज रही थी। कीर्ति पटेल ने एक बिल्डर को हनी ट्रैप में फंसाया और उससे करोड़ों रुपये की उगाही की कोशिश की। कीर्ति पटेल के इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने मीडिया को बताया कि पुलिस पिछले 10 महीने से कीर्ति पटेल को ट्रैक कर रही थी। पुलिस की तकनीकी टीम और साइबर विशेषज्ञों की मदद से उसे अहमदाबाद के सरखेज में उसका लोकेशन ट्रैक किया गया। पुलिस ने उसे बुधवार को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। उस पर हनी ट्रैपिंग और जबरन वसूली का आरोप लगाया गया है। कीर्ति पटेल के खिलाफ कई अन्य शिकायतें भी हैं, जिनमें जमीन हड़पने और जबरन वसूली के मामले भी शामिल हैं।
कीर्ति पटेल के खिलाफ पिछले साल 2 जून को सूरत में मामला दर्ज किया गया था और कुछ समय बाद एक अदालत ने उनके खिलाफ वारंट भी जारी किया था। कीर्ति पटेल पर सूरत के एक बिल्डर को हनीट्रैप में फंसाने और फिर उसे ब्लैकमेल कर करोड़ों की मांग करने का आरोप है। चार अन्य लोगों का भी नाम प्राथमिकी में दर्ज है और उन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
कीर्ति पटेल को पुलिस ने इससे पहले भी गिरफ्तार किया था। दिसंबर 2022 में एक परिवार को परेशान करने के आरोप में कीर्ति सहित दस लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मई 2022 में एक महिला ने कीर्ति पटेल पर धमकी देने का आरोप लगाया था। बाद में कीर्ति पटेल ने थाने में सरेंडर कर दिया था।
