93 साल का पति 1,120 रुपये लेकर मंगलसूत्र खरीदने गया, पति-पत्नी की मोहब्बत देख सुनार ने मात्र 20 रुपये में दे दिया मंगलसूत्र

 

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 93 साल का एक व्यक्ति 1,120 रुपये लेकर अपनी 90 साल की पत्नी को मंगलसूत्र दिलवाने के लिए सुनार की दुकान में गया। शुरुआत में दुकानदार को कुछ कन्फ्यूजन हुआ। बाद में जब मालूम पड़ा कि पति-पत्नी एक दूसरे से बहुत मोहब्बत करते हैं और इनकी माली हालत ठीक नहीं है तो सुनार ने मात्र 20 रुपये चार्ज कर उन्हें मंगलसूत्र दे दिया।

जालना जिले के अंभोरा जहांगीर गांव के निवृत्ति शिंदे और उनकी पत्नी शांताबाई आषाढ़ी एकादशी उत्सव पर हर साल पंढरपुर की पैदल तीर्थयात्रा करते हैं। इस बार भी वे तीर्थयात्रा पर हैं। निवृत्ति शिंदे अपनी पत्नी शांताबाई पंढरपुर के पास एक सुनार की दुकान में घुस गए। उनकी वेश भूषा, अति साधारण पहनावा देखकर पहले तो दुकान के कर्मचारियों ने सोचा कि वे कुछ आर्थिक मदद मांगने आए हैं। लेकिन जब निवृत्ति शिंदे ने 1,120 रुपये देकर शांताबाई के लिए मंगलसूत्र खरीदने की इच्छा जाहिर की तो वे भावुक हो गए। मंगलसूत्र शादी का प्रतीक माना जाने वाला भारतीय पारंपरिक हार है।

सुनार इस भाव से इतना प्रभावित हुआ कि उसने दम्पति को 1,100 रुपये लौटा दिया और प्रतीकात्मक राशि के रूप में मात्र 20 रुपये लेकर मंगलसूत्र दे दिया। बताते हैं कि निवृत्ति शिंदे पिछले 15 सालों से अपनी पत्नी शांताबाई को भरोसा दिला रहे थे कि एकदिन वे उनके लिए सोने के गहने जरूर खरीदेंगे।

वैसे आप इस घटना को ईश्वरीय नजरिये से भी देख सकते हैं। दम्पति पंढरपुर की पैदल यात्रा पर था। प्रभु विट्ठल और मां रुक्मिणी अपने ऐसे भक्तों की मनोकामना पूरी जरूर करते हैं। आपको ऐसी बहुत सी चमत्कारिक कहानियां सुनने को मिलेंगी।

Leave a Comment