ये हैं लखनवी चोर ! मैगी बनाई, AC चलाकर किया आराम, फिर चोरी की !

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ- जिसे नवाबों की भी नगरी कहा जाता है- में चोरों ने पहले मैगी बनाकर खाई, एयर कंडिशन्ड चलाकर ठंडी हवा में आराम किया फिर चोरी कर चलते बने। इसे लोग नवाबी चोर, लखनवी चोर कह रहे हैं।

मामला लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर ब्लॉक सी इलाके का बताया जा रहा है। यहां एक रिटायर्ड बैंककर्मी रहते हैं। तबियत खराब होने की वजह से वे अपने बेटों के पास दिल्ली इलाज के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि उनके दोनों बेटे सेना में हैं। इसी मौके का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे। उन्होंने पहले तो सामान चेक किया। घर एकदम खाली देखकर वो बेफिक्र हो गए। उन्होंने आराम से एसी चलाया। थोड़ी देर बाद उठकर किचन में गए और वहां मैगी बनाई। मैगी बनाने के बाद दो प्लेट मैगी लेकर एसी वाले कमरे में गए। वहां बैठकर उन्होंने मैगी खाई, आराम किया और इसके बाद घर का सामान समेटकर चलते बने।

चोरी की इस घटना के बारे में तब पता चला जब एक पड़ोसन अपने पौधों को पानी देने गयी। उसने रिटॉयर्ड बैंककर्मी के घर की लाइट जलती और लॉक टूटा हुआ देखा। शक आने पर उसने घर के अंदर झांककर देखा तो सारा सामान बिखरा नजर आया।

पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां रसोई के काउंटर पर उन्हें आधा खुला मैगी का पैकेट मिला। गैस स्टोव पर कड़ाही, लाइटर और माचिस भी पड़े हुए थे। घर में लगे CCTV कैमरे में चोरों की सारी हरकतें कैद हो गयीं।

Leave a Comment