केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुंबई में महाराष्ट्र चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर (MACCIA) के नवनिर्मित मुख्यालय भवन का शुभारंभ और राज्य स्तरीय सहकारी औद्योगिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अमित शाह ने बताया कि असली शिवसेना कौन सी है। असली शिवसेना किसकी वाली है।
अमित शाह शुक्रवार, 20 जून 2025 को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में थे। MACCIA के समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी शिवसेना का भी जिक्र किया। अमित शाह ने कहा- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी को दिखा दिया है कि असली शिवसेना कौन है। अमित शाह की यह टिप्पणी क्रमशः शिवसेना और शिवसेना (उबाठा) कहे जाने वाले एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे गुटों की ओर से अविभाजित पार्टी के स्थापना दिवस मनाए जाने के एक दिन बाद आई है।
उल्लेखनीय है कि बाला साहेब ठाकरे की स्थापित पार्टी जून 2022 में तब विभाजित हो गई, जब शिंदे ने बगावत कर दी और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार को गिरा दिया। तब से दोनों गुट बाल ठाकरे की विरासत पर दावा करते रहे हैं और खुद को असली शिवसेना बताते रहे हैं।
