मध्य प्रदेश के भोपाल के कोलार क्षेत्र स्थित अकबरपुर बंजारी में कांग्रेस का एक नेता कब्रिस्तान (वक्फ) की जमीन पर कब्ज़ा कर गोशाला बना रहा है। मज़ेदार बात है कि इस गोशाला के भूमि पूजन के अवसर पर भाजपा एक नेता भी मौजूद था।
कब्रिस्तान के केयरटेकर शेख मतीन ने आरोप लगाया है कि यह जमीन वक्फ बोर्ड के तहत रजिस्टर्ड है, लेकिन उस पर कांग्रेस नेता अश्विनी श्रीवास्तव अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य करवा रहे हैं। शेख मतीन के अनुसार, 21 जून की शाम को बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तान परिसर में पहुंचे और वहां टेंट लगाना शुरू कर दिया। इस पर उन्होंने कोलार थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। चौंकाने वाली बात यह रही कि रविवार सुबह उस स्थल पर गोशाला निर्माण का भूमिपूजन किया गया, जो भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
शेख मतीन के अनुसार यह जमीन जिला खसरा नंबर 112 के अंतर्गत आती है और वक्फ बोर्ड रजिस्ट्रेशन क्रमांक 766 के अनुसार, यह एक मान्यता प्राप्त कब्रिस्तान है। मतीन ने कांग्रेस नेताओं अश्विनी श्रीवास्तव और राम यादव पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अवैध रूप से कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा किया और गोशाला के लिए भूमिपूजन किया। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सुना कि यह जमीन उन्हें अलॉट की गई है और यह कार्य सेवा भाव से प्रेरित है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनव्वर पटेल ने कहा कि वे मामले की जानकारी ले रहे हैं और प्रशासन से बात करेंगे। पुलिस ने कहा कि उन्होंने शिकायत को तहसील कार्यालय भेज दिया है।
