रतीराम और रीना
उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक नौ बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या कर शव पानी की कुंडी में डाल दिया। इसके बाद रोते-बिलखते बच्चों को छोड़ प्रेमी हनीफ के साथ भाग गयी। रीना पहले भी पांच बार प्रेमी हनीफ के साथ भाग चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद फर्रूखाबाद थाना कायमगंज क्षेत्र के ग्राम उलियापुर निवासी 50 वर्षीय रतीराम नट पुत्र बाबू राम नट अपनी पत्नी रीना व बच्चों को साथ लेकर ईंट भट्ठों पर मजदूरी करने के उद्देश्य से लगभग एक सप्ताह पूर्व भरगैन वल्लूपुर गांव गया था। रतीराम की ससुराल कस्बा भरगैन में ही है। बताते हैं हनीफ के साथ अवैध सम्बन्ध को लेकर पति-पत्नी के बीच 17 जून को मारपीट हो गई और 18 जून की रात से रतीराम गायब हो गया। 20 जून को रीना सभी बच्चों को छोड़कर हनीफ के साथ फरार हो गई। 21 जून को कस्बे के लोगों ने सड़क किनारे एक बंद पड़े भट्टे पर बच्चों को रोते बिलखते देखा तो घटना की सूचना यूपी-100 और कोतवाली पुलिस को दी।
इधर रतीराम के भाई अरविंद ने 21 जून को कोतवाली में रतीराम की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए रीना और उसके प्रेमी हनीफ पर रतीराम को गायब करने का आरोप भी लगाया। 22 जून को लगभग 10 बजे राहगीरों व कस्बे के लोगों ने पानी की कुंडी से बहुत अधिक बदबू आने पर रतीराम का शव बरामद किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारतीय, सीओ संतोष कुमार, कोतवाली निरीक्षक राम बकील सिंह भारी पुलिस बल और फोरेंसिक विभाग की टीम ने रतीराम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अरविंद की शिकायत पर पुलिस ने रतीराम की पत्नी रीना और प्रेमी हनीफ के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया। पुलिस ने रीना के सभी बच्चों को उनकी ननिहाल के लोगों को सौप दिया। रीना का प्रेमी हनीफ भी भरगैन का रहने वाला है। रतीराम के बेटे संजय ने बताया कि रीना पहले भी पांच बार प्रेमी हनीफ के साथ घर से भाग चुकी है। रतीराम पूर्व चेयरमैन के ईंट भट्ठे पर तांगा चलाने का काम करता था और हनीफ ईंट-भट्ठे पर ठेकेदारी का काम करता था।
