उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दुल्हन ने सुहागरात पर अपने दूल्हे को चाकू दिखाकर धमकी दी कि अगर उसने उसे छुआ तो उसके शरीर के 35 टुकड़े मिलेंगे। वह बोली यह शरीर उसके प्रेमी अमन की अमानत है। तीसरी रात दुल्हन दूल्हे के घर की दीवार लांघकर भाग गई। अमन निषाद बहू का रिश्ते में भतीजा लगता है।
प्रयागराज के नैनी इलाके में रहने वाले कप्तान निषाद की शादी 29 अप्रैल 2025 को करछना डीहा के रहने वाले लक्ष्मी नारायण निषाद की बेटी सितारा से हुई थी। दूल्हे कप्तान निषाद का कहना है कि सुहागरात पर सितारा ने चाकू दिखाते हुए धमकी दी कि उसे छूना नहीं, छुआ तो 35 टुकड़े में हो जाओगे। मैं किसी और की अमानत हूं। इसके बाद सितारा पलंग पर सो गई और कप्तान सोफे पर। सितारा चाकू दिखाकर 3 रात धमकियां देती रही। तीसरे दिन कप्तान ने अपनी मां को बात बता दी। फिर यह मामला सबकी संज्ञान में आया।
कप्तान के पिता राम आसरे का कहना है कि इस बारे में उन्होंने बहू से पूछा तो उसने साफ-साफ कह दिया कि मैं तो अमन से प्यार करती हूं। उसी के साथ रहना चाहती हूं। वही मेरे साथ सुहागरात मना सकता है, कोई और नहीं। आखिरकार राम आसरे यह मामला पुलिस स्टेशन तक ले गए। पुलिस कोई कदम उठाती इसके पहले सितारा आधी रात को घर की दीवार से कूदकर अपने ब्वॉयफ्रेंड साथ भाग गई।
पति कप्तान ने बताया कि सितारा ने हनीमून पर केदारनाथ जाने की बात कही थी, लेकिन वह सोनम और राजा रघुवंशी की कहानी देखकर डर गया था। इसलिए उसने जाने से मना कर दिया था। दूल्हे का कहना है कि हनीमून पर केदारनाथ नहीं जाने से उसकी जान तो बच गई।
एसीपी करछना अरुण कुमार त्रिपाठी का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
