उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक महिला ने एक-दो नहीं बल्कि 5 युवकों से शादियां रचाई। इतना ही नहीं अब अपने देवर के इश्क में दीवानी है। पीड़ित पति का आरोप है कि महिला कई बार बाहरी व्यक्तियों से उसकी पिटाई भी करा चुकी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पंकज अग्रहरी की शादी 16 अप्रैल 2024 को बांदा जिले के मरका थाना के रहने वाली गुड़िया से हुई थी। गुड़िया की यह पांचवीं शादी थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। पति पंकज का आरोप है कि अचानक कुछ ही महीनों बाद ही उसके छोटे भाई (सगे देवर) से पत्नी का अफेयर शुरू हो गया। इतना ही नही गुड़िया पंकज से शादी रचाने के पहले चार शादियां कर चुकी है। पंकज उसका पांचवां पति है। पंकज सब्जी विक्रेता है।
आरोप कि गुड़िया ने पति पंकज के घर से जेवर और नकदी अपने मायके भेज दी है। गुड़िया ने सास-ससुर को बेघर करने के साथ बाहरी लड़कों को बुलाकर कई बार पति की पिटाई भी करवाई।
पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि पत्नी से जान का खतरा है। राधानगर थाना प्रभारी दिनेशचंद्र मिश्र ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। जांच की जा रही है। जल्द उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
