उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में एक मकान मालकिन ने भागकर अपने किरायेदार से शादी कर ली। मकान मालकिन को तीन साल का एक बेटा है। अब पति ने अपनी सुरक्षा के साथ अपने बच्चे की वापसी के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।
मकान मालिक का नाम अभिषेक प्रजापति और आरोपी किरायेदार का नाम अनुराग सिंह है। अनुराग सिंह जफराबाद थाना क्षेत्र का रहनेवाला है। अभिषेक प्रजापति ने अप्रैल 2024 में अपना राजा राम सिंह कॉलोनी के घर का एक कमरा अनुराग सिंह को किराए पर दिया था। अनुराग सिंह अपनी पत्नी के साथ यहां रहने आया था। इसी दौरान अनुराग और मकान मालिक अभिषेक की पत्नी रूपल प्रजापति के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों में प्रेम संबंध बन गया। बताते हैं कि अभिषेक प्रजापति को अनुराग सिंह की गतिविधियों पर कुछ संदेह हो गया था तो उसने उससे अपना कमरा खाली करवा लिया था।
अभिषेक प्रजापति की शादी 23 अप्रैल 2021 को उर्दू बाजार निवासी रूपल जायसवाल से हुई थी। उनका एक तीन साल का बेटा भी है। अभिषेक का आरोप है कि 25 सितंबर 2024 को उनकी पत्नी रूपल अपने बेटे को लेकर अनुराग सिंह के साथ फरार हो गई। इसके बाद दोनों ने एक मंदिर में शादी कर ली और अपनी शादी का वीडियो अभिषेक को व्हाट्सएप पर भेज दिया।
पत्नी और बच्चे के अचानक लापता होने पर अभिषेक ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। यह मामला बाद में न्यायालय पहुंचा, जिसके बाद इसकी जांच का जिम्मा टीडी कॉलेज चौकी प्रभारी को सौंपा गया। न्यायालय के आदेश पर सोमवार को लाइन बाजार पुलिस ने पत्नी रूपल जायसवाल, उसके प्रेमी अनुराग सिंह समेत 6 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
इस बीच, अनुराग और रूपल ने अभिषेक से सुलह करने की कोशिश की, लेकिन अभिषेक ने सुलह से इंकार करते हुए अपने बेटे की वापसी की मांग की। अभिषेक का आरोप है कि कोर्ट से लौटने के बाद अनुराग सिंह और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इन घटनाओं से परेशान होकर अभिषेक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से IGRS पोर्टल के माध्यम से अपनी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। अभिषेक का कहना है कि इस घटना को 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक अपने बेटे से मिलने का मौका नहीं मिला है। उनका कहना है कि उनका बेटा सात साल से कम उम्र का है और वह न्याय पाने के लिए लगातार प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।
