बिहार के पूर्वी चंपारण के आदापुर थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव में ‘इस गांव में ब्राह्मणों को पूजा पाठ कराना सख्त मना है’ का बोर्ड लगाने वाले यूट्यूबर मंदीप कुमार के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। मंदीप कुमार ने सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए ऐसा किया। उसके दो दोस्तों के भी खिलाफ FIR दर्ज की गयी है।
टिकुलिया निवासी कृष्णा राय के पुत्र मंदीप कुमार यादव ने यह कृत्य अपने दो साथियों के सहयोग से किया, जिसमें बखरी निवासी संजीत कुशवाहा और भेलवा निवासी मनीष कुमार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि तीनों ने मिलकर गांव के बाहर ऐसा बोर्ड लगवाया जिससे सामाजिक ताना-बाना बिगड़ सके। लेकिन गांव के बुद्धिजीवियों ने तुरंत इसकी जानकारी दी और मोतिहारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोर्ड हटवा दिया।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मंदीप कुमार पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है, जिनमें शराबबंदी कानून के उल्लंघन, चोरी, अश्लीलता और मारपीट के कुल 11 मामले शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा, ‘जो लोग अफवाह फैलाकर समाज में जहर घोलना चाहते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया कोई मनमानी करने का मंच नहीं है और न ही नफरत फैलाने का जरिया है। इस मामले में जो भी शामिल होंगे कार्रवाई होगी।’
