उत्तर प्रदेश में 105 साल पुरानी फागू शाह मजार पर चला बुलडोजर

 

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में 105 साल पुरानी फागू शाह की मजार पर SDM, ADM और SSP के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई कर उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। इस मजार पर प्रत्येक गुरुवार को मेला लगता था।

सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बदलिया गांव में स्थित फागू शाह की मजार को प्रशासन ने मंगलवार को ध्वस्त कर दिया है। यह मजार 105 साल पुरानी बताई जा रही है, जहां हिंदू-मुस्लिम दोनों ही धर्म के लोग आकर माथा टेका करते थे। बुलडोजर कार्रवाई के बाद मजार पूरी तरह से मलबे में मिल गई। फागू बाबा या फागू शाह एक सिद्ध तपस्वी माना जाता था, जो सिद्धार्थनगर के चौखड़ा क्षेत्र के पास कई सालों तक साधना में लीन था। करीब 105 साल पहले उनकी मृत्यु के बाद बताया जाता है कि एक पेड़ के नीचे समाधि बना दी गई थी।

मजार पर विवाद तब शुरू हुआ जब 25 जून को डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने SDM डुमरियागंज को पत्र लिखकर मजार को समाधि बताया था। साथ ही उन्होंने वहां पर 26 जून गुरुवार को हनुमान चालीसा पाठ करने की घोषणा की, जिसके चलते प्रशासन हरकत में आया और तहसील प्रशासन ने उक्त स्थल के आसपास धारा 144 लागू कर दिया। 26 जून गुरुवार से वहां पर किसी को भी आने जाने नहीं दिया गया।

Leave a Comment