शंभूलाल धाकड़
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ ज़िले के बेगूं थाना क्षेत्र में सरकारी स्कूल के शिक्षक शंभूलाल धाकड़ को नाबालिग छात्र-छात्राओं के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। शिक्षक पर दलित और आदिवासी समुदाय से आने वाले 23 बच्चों के यौन शोषण का आरोप है, जिनमें पांच छात्राएं और 18 छात्र हैं। इस मामले से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें अभियुक्त शिक्षक को बच्चों का यौन शोषण करते और उनसे ही उसका वीडियो बनवाते हुए देखा जा सकता है।
यह घटना महात्मा गांधी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आंवलहेड़ा बेगूं की है। यौन शोषण का आरोप लगाने वाले 23 बच्चों में से एक ने इस मामले की जानकारी सार्वजनिक कर दी। उस बच्चे के पिता ने ही बेगूं से चित्तौड़गढ़ पहुंचकर 17 जुलाई की शाम ज़िला कलेक्टर को घटना के वीडियो दिखाते हुए लिखित शिकायत दी थी। कलेक्टर के निर्देश पर 17 जुलाई की देर रात अभियुक्त शिक्षक को उनके घर से बेगूं पुलिस ने हिरासत में लिया था।
स्कूल की छुट्टी के बाद शंभूलाल धाकड़ कुछ छात्रों को रोक लेता था और उनका यौन शोषण करता था। शंभूलाल धाकड़ के यौन शोषण से परेशान होकर कई बच्चों ने स्कूल ही छोड़ दिया है। बेगूं पुलिस थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने 17 जुलाई की देर रात ही स्कूल से क़रीब पांच किलोमीटर दूर शंभूलाल धाकड़ के गांव से उसको हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में शंभूलाल धाकड़ ने अपना जुर्म क़ुबूल कर लिया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता, जुवेनाइल एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शंभूलाल धाकड़ को गिरफ़्तार कर लिया है।
इस मामले का पता चलने के बाद 18 जुलाई को शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर अभियुक्त शिक्षक शंभूलाल धाकड़ को निलंबित किया था। मामले की विभागीय जांच के लिए चार सदस्यों की कमेटी गठित की गई थी। 19 जुलाई को जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपी और जांच में अभियुक्त शिक्षक को बच्चों से यौन शोषण का दोषी माना गया है।
विभागीय जांच रिपोर्ट में कहा गया है- स्कूल के समय और छुट्टी के बाद बच्चों से स्कूल के कमरों और खेल मैदान में ले जाकर छेड़छाड़, अश्लील हरकतें, अनैतिक और अप्राकृतिक दुष्कृत्य करते हुए वीडियो बनाया जाता था। स्कूल में शंभूलाल धाकड़ 4 अप्रैल 2016 से नियुक्त था और 30 नवंबर 2026 को रिटायर होने वाला था।
बेगूं के उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश और तहसीलदार विष्णु यादव ने स्कूल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।

https://shorturl.fm/BfzLf