केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुजरात के जूनागढ़ में पत्नी साधना सिंह को भूल गए और 22 गाड़ियों के काफिले के साथ राजकोट की ओर रवाना हो गए। लेकिन रास्ते में याद आने पर वे काफिले के साथ वापस लौटे और पत्नी को प्रतीक्षालय में पाया।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता शिवराज सिंह चौहान शनिवार को पत्नी साधना सिंह के साथ गुजरात के धार्मिक और सरकारी दौरे पर थे। उन्होंने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग और गिर के सिंहदर्शन किए। शनिवार को मूंगफली शोध केंद्र में किसानों और ‘लखपति दीदी’ योजना से जुड़ी महिलाओं से संवाद कार्यक्रम था। उनकी पत्नी साधना सिंह गिरनार दर्शन के बाद प्रतीक्षालय में उनका इंतज़ार कर रही थीं। कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान बार-बार घड़ी देख रहे थे। उन्होंने अपना भाषण छोटा किया और बोले कि ‘राजकोट का रास्ता खराब है, अगली बार फुर्सत से आऊंगा।’ उन्हें रात 8 बजे राजकोट से फ्लाइट पकड़नी थी और रास्ता खराब होने के कारण वे जल्दी निकलना चाहते थे। वे तुरंत वहां से निकल गए। वे इतनी हड़बड़ाहट में निकले कि यह भूल गए कि पत्नी जी उनका इंतज़ार कर रही हैं।
22 वाहनों का काफिला करीबन एक किलोमीटर से आगे पहुंच चुका था, तभी शिवराज सिंह चौहान को पत्नी साधना सिंह की याद आ गयी। उन्होंने पत्नी साधना सिंह से मोबाइल से संपर्क किया। साधना सिंह ने बताया वे वेटिंग रूम में इंतजार कर रही हैं। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने वहीं से यू टर्न लिया और पत्नी साधना सिंह के पास पहुंचे। साधना सिंह को साथ लेकर वे राजकोट के लिए रवाना हुए। बता दें कि जूनागढ़ से राजकोट की दूरी करीबन 109 किलोमीटर है।

https://shorturl.fm/oHvx1
https://shorturl.fm/AvaZH
https://shorturl.fm/gPqw1
https://shorturl.fm/YuI97