खराब हैंड राइटिंग पर ट्यूशन टीचर ने 8 साल के छात्र का हाथ मोमबत्ती से जलाया

 

मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालाड में खराब लिखावट की वजह से ट्यूशन टीचर ने 8 साल के छात्र की बेरहमी से पिटाई की और उसके हाथ को मोमबत्ती से जला भी दिया। छात्र के पिता की शिकायत पर क़ुरार पुलिस ने टीचर के खिलाफ FIR दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया।

छात्र के पिता मुस्तकीन खान की शिकायत पर क़ुरार पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 और भारतीय दंड संहिता की धारा 115 (2), 118 (1) और 352 के तहत ट्यूशन टीचर के खिलाफ FIR दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार 8 साल का छात्र मालाड (पूर्व) के पिंपरीपाड़ा में रहता है। वह दिंडोशी कोर्ट के पास लक्षधाम स्कूल में कक्षा 3 में पढ़ता है। वह मालाड (पूर्व) के गोकुलधाम स्थित जेपी डेक्स बिल्डिंग में राजश्री राठौड़ नाम की एक महिला से ट्यूशन पढ़ने जाता था। उसकी ट्यूशन क्लास हर शाम 7 से 9 बजे तक दो घंटे की होती थी।

28 जुलाई की शाम छात्र की बहन रुबीना उसे हमेशा की तरह ट्यूशन के लिए टीचर राजश्री राठौड़ के घर छोड़ आई। रात करीब 9 बजे राजश्री राठौड़ ने छात्र के पिता मुस्तकीन खान को फोन कर कहा कि वह बहुत रो रहा है और उसे तुरंत घर ले जाएं। छात्र जब घर आया तो उसके दाहिने हाथ पर जलने के गंभीर ज़ख़्म दिखाई दे रहे थे। छात्र ने बताया कि टीचर राजश्री राठौड़ ने उसकी लिखावट खराब होने की वजह से उसका हाथ मोमबत्ती पर रखकर जला दिया। उसे खराब लिखावट की सजा दी। छात्र का कांदिवली (पश्चिम) स्थित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अस्पताल (शताब्दी) में इलाज हो रहा है।

13 Thoughts to “खराब हैंड राइटिंग पर ट्यूशन टीचर ने 8 साल के छात्र का हाथ मोमबत्ती से जलाया”

Leave a Comment