उमर अंसारी
उत्तर प्रदेश की गाजीपुर पुलिस ने मृत माफिया सरगना मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को कोर्ट में फर्जी दस्तावेज पेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक दस्तावेज़ में उमर ने अपनी फरार मां अफशां अंसारी के जाली हस्ताक्षर कर कोर्ट में पेश किया।
गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रेस के लिए जारी एक बयान के मुताबिक उमर को जिला पुलिस ने राजधानी लखनऊ दारुलशफा इलाके से गिरफ्तार किया। वह मुख्तार अंसारी के बड़े बेटे और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक अब्बास अंसारी के घर में छिपा हुआ था। प्रेस रिलीज में बताया गया है कि एक केस में यूपी गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। उक्त संपत्ति को अवमुक्त कराने के लिए न्यायालय में याचिका दायर हुई। जब्त संपत्ति IS 191 के पूर्व सरगना मुख्तार अंसारी (मृत) से संबंधित थी। दायर याचिका में मुख्तार अंसारी (मृत) के बेटे उमर अंसारी ने अपनी मां और 50 हजार की इनामिया अफशा अंसारी का फर्जी हस्ताक्षर किया था।
बयान में कहा गया है- धोखाधड़ी की गतिविधि का पता चलने पर उमर अंसारी के खिलाफ मोहम्मदाबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। उमर की गिरफ्तारी के बाद मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
