बेबी कॉन्वेंट स्कूल में हिन्दू बच्चों को इस्लामिक शिक्षा, नर्सरी के बच्चों को ‘क से काबा’, ‘म से मस्जिद’, ‘न से नमाज’ और ‘औ से औरत हिजाब में थी’ पढ़ाया जाता है

 

मध्य प्रदेश में रायसेन ज़िला मुख्यालय के वार्ड नंबर 3 स्थित बेबी कॉन्वेंट स्कूल में इस्लामिक पढ़ाई से जुड़ी सामग्री बांटे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बेबी कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों को ‘क से काबा’, ‘म से मस्जिद,’ ‘न से नमाज’ और ‘औ से औरत हिजाब में’ पढ़ाया जा रहा है। ये सारी चीजें नर्सरी की किताब में छपाई गई हैं। अब अभिभावकों ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की है।

यह मामला तब सामने आया जब स्कूल की नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा के चाचा सोनू चौधरी ने उसकी किताबें देखी। उन्होंने ‘औ से औरत हिजाब में थी’ पढ़ने के बाद अन्य शब्दों पर ध्यान दिया। इसमें ‘क से कबूतर’ की जगह ‘क से काबा’, ‘म से मस्जिद’ और ‘न से नमाज’ लिखा था। सबसे बड़ी बात इसमें अक्षर के साथ चित्र भी दिए गए थे, जिसमें ‘औ’ से औरत के सामने हिजाब पहने महिला का चित्र है तो ‘क’ से काबा में मक्का के काबा, ‘न’ से नमाज में नमाज पढ़ते हुए व्यक्ति का चित्र अंकित है।

यह घटना अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं तक पहुंची। फिर अभिभावकों और ABVP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। ABVP के जिला संयोजक अश्विनी पटेल ने प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाते हुए कहा कि यह हिंदू संस्कृति और सनातन परंपरा के खिलाफ एक षड्यंत्र है। पटेल ने कहा कि छोटे बच्चों को इस तरह की सामग्री पढ़ाकर भ्रमित किया जा रहा है। हमने तो बचपन में ‘क से कबूतर’ और ‘म से मछली’ पढ़ा था। यह बदलाव किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

अपने बचाव में स्कूल की प्राचार्य ईए कुरैशी ने कह दिया कि ‘म से मस्जिद के साथ म से मंदिर’ भी पढ़ाया जा सकता है। यह सुनकर भी ABVP कार्यकर्ता भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को फोन पर शिकायत दर्ज कराई। हंगामे की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली टीआई नरेंद्र गोयल मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को थाने और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आवेदन देकर औपचारिक शिकायत करने की सलाह दी। फिर स्कूल की प्राचार्य ईए कुरैशी ने गलती मानते हुए कहा कि मैं गलती मान रही हूं फिर प्रदर्शन क्यों किया जा रहा है। प्राचार्य ने कहा कि यह ‘पट्टी पहाड़ा’ भोपाल से मंगवाया गया था।

जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक का कहना है कि इस टाइप का कोई पट्टी पहाड़ा है तो उसे जब्त कर जांच कराई जाएगी। वे स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए जेडी को पत्र लिखेंगे।

3 Thoughts to “बेबी कॉन्वेंट स्कूल में हिन्दू बच्चों को इस्लामिक शिक्षा, नर्सरी के बच्चों को ‘क से काबा’, ‘म से मस्जिद’, ‘न से नमाज’ और ‘औ से औरत हिजाब में थी’ पढ़ाया जाता है”

Leave a Comment