वकील ने ‘सही से केस नहीं लड़ा’ तो मुवक्किल ने गला घोंट कर दी हत्या

 

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक क्लाइंट (मुवक्किल) ने 62 साल के वकील की गला घोंट कर हत्या कर दी। आरोपी सचिन वर्मा का मानना था कि वकील भानुप्रकाश सरवरिया ने उनका केस ठीक से नहीं लड़ा, जिसकी वजह से उसे जेल जाना पड़ा था। पुलिस ने सचिन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार साल 2021 में सचिन वर्मा 17 साल की एक लड़की से प्रेम करता था। वह उससे शादी करना चाहता था। इसलिए दोनों घर से भाग गए थे लेकिन लड़की की बहन ने उसके खिलाफ FIR दर्ज करा दी थी। इस पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया था और बलात्कार के आरोप में सचिन वर्मा को जेल भेज दिया। भानुप्रकाश सरवरिया उसके वकील थे। सचिन वर्मा को लगता था कि वकील की लापरवाही की वजह से उसे सजा हुई। पिछले साल भी इस केस में कोर्ट ने सचिन वर्मा के खिलाफ वारंट जारी किया था, जिसके चलते उसे तीन महीने और जेल में बिताने पड़े थे। वकील भानुप्रकाश सरवरिया नवाबाद थाने के अंतर्गत तालपुरा इलाके में पत्नी सुशीला देवी के साथ रहते थे। बेटा अलीगढ़ में डॉक्टर है। सचिन वर्मा उनका पड़ोसी था।

सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि सचिन वर्मा को डर था कि 19 सितंबर 2025 को होने वाली अगली सुनवाई में उसे फिर सजा हो सकती है। ऐसे में उसने भानुप्रकाश सरवरिया को मारने का प्लान बनाया। 5 अगस्त की सुबह वह छत के रास्ते उनके घर में घुसा और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। भानुप्रकाश सरवरिया की हत्या के बाद उनके दामाद ने नवाबाद थाने में BNS की धारा 103 (हत्या) के तहत केस दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू की और 26 वर्षीय सचिन वर्मा पुत्र प्रेम कुमार दशरिया को गिरफ्तार कर लिया। भानुप्रकाश सरवरिया के दामाद का भी नाम सचिन वर्मा है।

पुलिस के मुताबिक भानुप्रकाश सरवरिया एक रिटायर्ड अडिशनल डिस्ट्रिक्ट गवर्नमेंट काउंसिल (ADGC) थे। वे वकील होने के साथ 2000 से 2005 तक नगर पंचायत अध्यक्ष भी रहे और भाजपा के नेता थे। वे सूद (ब्याज) पर पैसे उधार देने का काम भी करते थे। आरोपी सचिन वर्मा ने भी भानुप्रकाश सरवरिया से 60,000 रुपये उधार लिए थे और कर्ज न चुका पाने की वजह से भानुप्रकाश सरवरिया ने उसकी अपाचे मोटरसाइकिल जब्त कर ली थी। इस पर भी दोनों में विवाद था।

11 Thoughts to “वकील ने ‘सही से केस नहीं लड़ा’ तो मुवक्किल ने गला घोंट कर दी हत्या”

Leave a Comment