महाराष्ट्र के पालघर जिले के तारापुर- बोईसर MIDC में स्थित मेडली फ़ार्मास्युटिकल्स (प्लॉट नंबर F-13) के दवा निर्माण कंपनी में बृहस्पतिवार को नाइट्रोजन गैस का रिसाव होने से कम से कम चार कर्मियों की मौत हो गई। दो अन्य कर्मी गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।
पालघर जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि घटना बोईसर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मेडली फ़ार्मास्युटिकल्स में दोपहर 2.30 बजे से 3 बजे के बीच हुई। सूत्रों के अनुसार यह घटना दवा एल्बेंडाजोल के उत्पादन के दौरान घटी। अचानक नाइट्रोजन रिएक्शन टैंक में नाइट्रोजन गैस का रिसाव हो गया। इससे छह कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया जहां शाम को चार कर्मियों की मौत हो गई। दो कर्मचारियों को शिंदे अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान कल्पेश राउत, बंगाली ठाकुर, धीरज प्रजापति और कमलेश यादव के रूप में हुई है, जबकि रोहन शिंदे और नीलेश हडाल का इलाज किया जा रहा है।
