संदीप सिंह
पैकर्स एन्ड मूवर्स कंपनी के कर्मचारी संदीप सिंह ने मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच की यूनिट-10 के कांस्टेबल नीलेश मांडवे, क़ुरार पुलिस स्टेशन के उपनिरीक्षक (PSI) नवनाथ सिंघाड़े, सौरभ गुप्ता और निखिल जायसवाल उर्फ़ टमाटर के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। नीलेश मांडवे ने संदीप सिंह को धमकाया कि सौरभ गुप्ता से उधार दिया पैसा वापस माँगा तो तुम पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) लगा दूंगा। संदीप सिंह नीलेश मांडवे की शिकायत करने क़ुरार पुलिस स्टेशन गए तो वहां PSI नवनाथ सिंघाड़े नीलेश मांडवे से दो कदम आगे निकले। उन्होंने आरोपी की कार ही वापस दिलवा दी।
संदीप सिंह (36) पैकर्स एन्ड मूवर्स कंपनी के मालाड ब्रांच में काम करते हैं। जिस बिल्डिंग में संदीप सिंह की ऑफिस है उसी बिल्डिंग में सौरभ गुप्ता रहता है। सौरभ गुप्ता टूर्स एन्ड ट्रवेल्स का धंधा करता है। ड्राइवर भी है। रोज़-रोज़ की मुलाक़ात से संदीप सिंह और सौरभ गुप्ता से दोस्ती हो गयी। सौरभ गुप्ता ने कभी पिता के इलाज के लिए, कभी माँ के ब्युटीपार्लर के लिए और कभी RTO में पकड़ी गयी कार छुड़ाने के नाम पर संदीप सिंह से कुल 3 लाख रुपये उधार ले लिए। तय समय पर सौरभ गुप्ता ने रुपये वापस नहीं किये तो संदीप सिंह ने वापस मांगना शुरू कर दिया।
इस बीच क्राइम ब्रांच यूनिट-10 के कॉन्स्टेबल नीलेश मांडवे ने संदीप सिंह की पहचान के नीरज शुक्ला को फोन किया और धमकाया कि संदीप सिंह को बोलो कि अगर सौरभ गुप्ता से रुपये वापस माँगा तो उस पर मकोका लगाकर अंदर कर दूंगा। फर्जी FIR दर्ज करना, निर्दोष को झूठे केस में फंसा देना, मुंबई पुलिस की फितरत रही है। संदीप सिंह नीलेश मांडवे की धमकी से डर गए। इसलिए वे नीलेश मांडवे के खिलाफ क़ुरार पुलिस स्टेशन में शिकायत करने गए। क़ुरार पुलिस स्टेशन में उपनिरीक्षक नवनाथ सिंघाड़े ने संदीप सिंह को अटेंड किया। नवनाथ सिंघाड़े ने शिकायत सुनने के बाद संदीप सिंह को पुलिस स्टेशन से भगा दिया। संदीप सिंह क़ुरार पुलिस स्टेशन दो बार और गए। तीसरी बार नवनाथ सिंघाड़े ने संदीप सिंह को पुलिस स्टेशन में बैठा लिया। सुबह से शाम तक नवनाथ सिंघाड़े ने संदीप सिंह को इतना मज़बूर कर दिया कि संदीप सिंह ने सौरभ गुप्ता के कार की चाभी वापस कर दी। सौरभ गुप्ता ने अपनी कार दोस्ती में संदीप सिंह को चलाने को दी थी। नवनाथ सिंघाड़े की मेहरबानी से संदीप सिंह गए थे ‘नमाज़ बख्शवाने, रोज़े गले पड़ गए।’
बताते क्राइम ब्रांच यूनिट-10 का एक खबरी है निखिल जायसवाल उर्फ़ टमाटर। टमाटर सौरभ गुप्ता का दोस्त है। टमाटर ने ही नीलेश मांडवे और नवनाथ सिंघाड़े को ‘सेट’ किया। टमाटर का मुंबई पुलिस में इतना भाव है कि सौरभ गुप्ता ने संदीप सिंह के रुपये वापस नहीं किये, नीलेश मांडवे ने मकोका में धमकी दे दी और नवनाथ सिंघाड़े ने कार ही वापस दिलवा दी। नवनाथ सिंघाड़े ने संदीप सिंह को धमकी दी कि भविष्य में क़ुरार पुलिस स्टेशन मत आना।
संदीप सिंह ने नीलश मांडवे, नवनाथ सिंघाड़े, सौरभ गुप्ता और टमाटर के खिलाफ ‘दोबारा’ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रति ABI (abinewz.com) के पास मौजूद है।
