साधु वेश में कुम्भ मेले में हेमामालिनी के साथ फोटो खिंचाने वाला बिल्डर 9 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार

प्रखर गर्ग, पत्नी राखी गर्ग

उत्तर प्रदेश के मथुरा की सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री हेमा मालिनी के साथ साधु वेष में कुम्भ में फोटो खिंचाने वाले बिल्डर प्रखर गर्ग को आगरा हरिपर्वत पुलिस ने 9 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। बिल्डर ने साधु वेश में में संगम पर डुबकी भी लगाई थी और बांके बिहारी कॉरिडोर के लिए 510 करोड़ रुपये दान की घोषणा भी की थी। प्रखर गर्ग के खिलाफ विभिन्न पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी के 22 मुकदमे दर्ज हैं।

कमलानगर क्षेत्र में रहने वाला प्रखर गर्ग आगरा का मशहूर बिल्डर है। उसने ट्रांसपोर्ट नगर के कारोबारी अरुण सोंधी के साथ धोखाधड़ी की थी। अरुण सोंधी के साथ प्रखर गर्ग ने एक होटल का सौदा किया था। इसके एवज में अरुण सोंधी ने उसे 9 करोड़ रुपये दिए थे, मगर प्रखर गर्ग ने होटल का बैनामा नहीं कराया तो अरुण ने अपनी रकम वापस मांगी। काफी टालमटोल के बाद उसे 2 करोड़ के चेक दिए, जो कि बैंक से बाउंस हो गए। अरुण सोंधी ने 9 अक्टूबर 2024 को प्रखर गर्ग, उसकी पत्नी राखी गर्ग, सुमित कुमार जैन, सतीश गुप्ता और मुकेश जैन के खिलाफ केस दर्ज कराया था। दिसंबर 2024 में ED ने प्रखर गर्ग के यहां छापेमारी की थी। तब भी प्रखर गर्ग ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। लंगड़े की चौकी द्वारिकापुरम स्थित घर पर जनवरी 2025 में पुलिस ने नोटिस चस्पा किया था। तब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ढोल बजवाकर मुनादी भी कराई गई थी। मुकदमे की सुनवाई में प्रखर गर्ग और उनकी पत्नी रेखा गर्ग उपस्थित नहीं हुए।

कोर्ट ने प्रखर गर्ग, राखी गर्ग समेत आरोपियों को अरेस्ट करने के लिए एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) जारी कर दिए थे, लेकिन पुलिस विभाग में सेटिंग हो जाने के चलते वह गिरफ्तार नहीं हो पा रहा था। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने ईमानदार पुलिस अधिकारियों को चुनकर टीम बनाई। एसीपी अक्षय कुमार, इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी, एसआई विनोद कुमार और दीपक तिवारी को टीम में लगाया। पुलिस को उनकी लोकेशन जयपुर की मिली। प्रखर गर्ग और उसकी पत्नी राखी गर्ग एक फाइव स्टार होटल में रुके थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रखर गर्ग ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में वृंदावन के बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण के लिए 510 करोड़ का दान देने के लिए हलफनामा दिया था, लेकिन सरकार ने उसे स्वीकार नहीं किया। इस पर वह चर्चा में आया था। इसके बाद कुंभ में उसने मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के साथ डुबकी लगाई थी। संत के भेष में उसका हेमा मालिनी के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ठगी के मामले में 10 दिनों पूर्व ही उसके खिला NBW जारी हुआ था। हरिपर्वत थाना पुलिस ने नवंबर 2024 में धोखाधड़ी के एक मामले में प्रखर गर्ग को गिरफ्तार किया था।

Leave a Comment