RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- शिकंजी बनाकर पी सकते हो, तो कोका कोला-स्प्राइट क्यों लाना ?

 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल होने के अवसर पर दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित व्याख्यानमाला कार्यक्रम ‘100 वर्ष की संघ यात्रा: नए क्षितिज’ कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए RSS सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि हर बात में अपना देश आत्मनिर्भर होना चाहिए। उन्होंने कहा- गर्मी के दिनों में आप नींबू की शिकंजी बनाकर पी सकते हो, तो कोका कोला और स्प्राइट, जैसे बाहर के पेय क्यों लाना।

मोहन भागवत का बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ यानी आयात शुल्क लगा दिया है। मोहन भागवत ने कहा कि जब हम स्वदेशी की बात करते हैं तो ऐसा नहीं है कि विदेशों से संबंध ख़त्म हो जायेंगे। आत्मनिर्भर होना बाक़ी लोगों को बंद करना नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार तो चलेगा और उसमें लेन-देन भी होगी, बस इसमें दबाव नहीं, स्वेच्छा से होना चाहिए। इसलिए स्वदेशी का पालन करना होगा। इसका मतलब जो घर में बनता है उसे बाहर से नहीं लाना होगा।

RSS सरसंघसंचालक मोहन भागवत ने स्वदेशी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो चीज हमारे घर में, देश में बनती है। उसे बाहर से क्यों लाना। कोका कोला-स्प्राइट बाहर का क्यों लाना, जब आप गर्मी के दिनों में नींबू की अच्छी शिकंजी बनाकर पी सकते हो। पिज्जा वगैरा क्यों लाना, जब घर में अच्छा और पोषक भोजन मिलता है। डॉक्टर लोग भी इनके लिए मना करते हैं। हां, एकाध बार पिज़्ज़ा खाया जा सकता है। इतना लचीलापन तो रखना चाहिए। लेकिन हर इतवार को बाहर जाकर खाना क्यों खाना? ऐसा नहीं करना है।

इससे पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दिल्ली के लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत बनाने का आह्वान किया था। नरेंद्र मोदी ने छोटे दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की थी कि वे “स्वदेशी” या “मेड इन इंडिया” के बोर्ड लगाएं।

Leave a Comment