उत्तराखंड के रुड़की के झबरेड़ा में एक मस्जिद के इमाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इमाम पर मस्जिद में एक 7 साल के छात्र के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। छात्र मस्जिद में धार्मिक शिक्षा लेने आया था।
आरोपी इमाम की पहचान नासिर के रूप में हुई है। वह सुल्तानपुर कुंहारी कोतवाली लक्सर जिला हरिद्वार का रहनेवाला है। नासिर गांव छोड़कर फरार होने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे देवपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
22 अगस्त 2025 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नासिर ने छात्र को जबरदस्ती अपने कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बारे में किसी को बताने पर छात्र को जान से मारने की धमकी भी दी। छात्र ने घर पहुंचकर अपने परिवार को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दे दी। पुलिस ने नासिर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर स्वतः संज्ञान लिया है। इस मामले में NHRC ने रुड़की जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। NHRC ने कहा कि यदि रिपोर्ट सत्य है तो यह पीड़ित के मानवाधिकार के उल्लंघन का गंभीर मामला है।
गौरतलब है कि करीब बीस दिन पहले भी रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गुलाब नगर में मस्जिद में चार आरोपियों ने 11 साल के बच्चे से कुकर्म किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
