ग्रामीणों ने गूगल मैप की टीम को कच्छा-बनियान गैंग का समझकर पीट दिया

 

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में गूगल मैप की टीम सड़क का डेटा सेव कर रही थी लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें कच्छा-बनियान गैंग का सदस्य समझ कर पीट दिया। पुलिस ने इस मामले में किसी प्रकार की FIR दर्ज नहीं की है। दोनों तरफ के लोगों को समझाबुझाकर शांत करा दिया है।

घटना कानपुर देहात के साढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बिरहर चौकी क्षेत्र के मोहलिया गांव में घटी। गूगल मैप के कर्मचारी सड़क का डेटा सेव कर रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझ लिया और पीट दिया।

बताते हैं गांव में चार दिनों से चोरों के कच्छा-बनियान गैंग की वारदात बढ़ा दी है। गांव वाले चोरी की घटनाओं से परेशान हैं। इससे ग्रामीणों ने गूगल मैप की कार को रोक लिया और हंगामा शुरू कर दिया। उनकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों को शक था कि ये लोग ही चोरी की घटनाओं में शामिल हैं।

सूचना मिलते ही साढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने जांच में पाया कि कार में बैठे लोग गूगल मैप के कर्मचारी हैं, जो इलाके का रूट डेटा अपडेट करने आए थे। पुलिस ने गूगल कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही पुलिस ने गूगल मैप के प्रतिनिधियों को भी सलाह दी कि भविष्य में जब भी टीम ऐसे सर्वे के लिए गांव में जाए तो स्थानीय थाना, चौकी और ग्राम प्रधान को पहले सूचना दे, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न हो।

Leave a Comment