पंजाब का एक शख्स अपनी पत्नी से मिलने इंग्लैंड जाने के लिए वीजा के लिए गया, लेकिन उसका वीजा आवेदन खारिज हो गया। जब उसने इसका कारण जानने की कोशिश की, तो पता चला कि उसकी पत्नी के नाम पर 15 अन्य लोग पति बनकर पहले से ही इंग्लैंड जा चुके थे। मामले की जानकारी मिलने पर इंग्लैंड में पीड़ित की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की पहचान इमीग्रेशन कंपनी संचालक प्रशांत कपूर और उसकी पत्नी रूबी कपूर (निवासी पर्थ इमिग्रेशन, राजपुरा टाउन) के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
घटनाक्रम के अनुसार थाना सिटी राजपुरा पुलिस के पास दर्ज करवाई गई रिपोर्ट में गांव आलमपुर निवासी भिंदर सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी इंग्लैंड में रहती है। भिंदर सिंह को बेटे के साथ इंग्लैंड जाना था। भिंदर सिंह की पत्नी ने स्पांसरशिप भेजी थी। भिंदर सिंह ने इंग्लैंड जाने के लिए आरोपियों के पास फाइल लगाई। आरोपियों ने उससे पांच लाख 90 हजार रुपये वसूल कर लिए पर कुछ समय बाद उसे इंग्लैंड का वीजा दिलाने के लिए मना कर दिया। भिंदर सिंह को हैरानी तब हुई जब उसे पता चला कि आरोपियों ने उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया और 15 लड़कों को उसकी पत्नी का पति बनाकर विदेश भेज दिया है। आरोपियों की गलती से भिंदर सिंह की पत्नी को इंग्लैंड में गिरफ्तार कर लिया गया था।
जांच अधिकारी एएसआई निशान सिंह ने कहा कि FIR की कॉपी के आधार पर आरोपियों को काबू करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
