मरने के लिए गंगा में कूदी महिला लेकिन मगरमच्छ देख डर गयी, चाय बनाने को लेकर पति से विवाद हो गया था

मालती गौड़

घटना उत्तर प्रदेश के कानपुर के चकेरी की है। चाय बनाने को लेकर पति और पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने आत्महत्या का विचार कर लिया। अंततः पत्नी गंगा नदी में कूद गयी। परन्तु सामने मगरमच्छ देख वह डर गयी। पूरी रात वह अमरूद के पेड़ पर बैठी रही।

कानपुर के अविरवां निवासी टेंपो चालक सुरेश गौड़ (50) की शादी लगभग 23 साल पहले मालती गौड़ (43) से हुई थी। पति-पत्नी के बच्चे नहीं थे। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। मालती गौड़ का कहना है कि पति शराब पीकर उससे झगड़ा करता है। घटना के दिन सुरेश गौड़ ने बताया कि उसने मालती से चाय बनाने को कहा था। परन्तु उसने चाय बनाने से इन्कार कर दिया। बोली खुद बना लो। इस बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। इसके बाद मालती शाम करीब 5 बजे घर से दवा लेने के बहाने बाहर गई और काफी देर तक घर नहीं आई। इसके पहले भी मालती कई बार घर छोड़कर चली गयी थी लेकिन दूसरे दिन वापस आ जाती थी। इसलिए सुरेश गौड़ ने पुलिस को सूचित नहीं किया।

बताते हैं मालती गुस्से में आत्महत्या के इरादे से जाजमऊ, शुक्लागंज क्षेत्र पास गंगा नदी में कूद गयी। बाद में मालती ने बताया कि उसे मगरमच्छ दिख गया। वह डर गयी कि मगरमच्छ उसे खा जाएगा। इससे वह पास के अमरूद के पेड़ पर चढ़ गयी। सारी रात पेड़ पर ही बैठी रही। सुबह 5 बजे मालती को कुछ लोग दिखे तो उसने शोर मचाकर उन्हें बुलाया। पुलिस आयी और मालती को जाजमऊ चौकी ले गयी।

पुलिस चौकी प्रभारी विनय यादव को दिए अपने स्टेटमेंट में मालती ने बताया कि वह आत्महत्या के इरादे से गंगा नदी में कूदी थी परन्तु गंगा मइया और मगरमच्छ ने उसे बचा लिया।

Leave a Comment