मलयालम रैपर हिरन दास मुरली उर्फ़ वेदान को पुलिस ने बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया है। हालांकि कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने की वजह से उन्हें कुछ ही घंटों में पुलिस ने छोड़ दिया। बताते हैं वेदान पर बहुत सी महिलाओं के साथ बलात्कार के आरोप हैं। इस साल की शुरुआत में, वेदान को दो अलग-अलग मामलों में दो बार गिरफ्तार किया गया था। एक अप्रैल में, जब उन्हें कोच्चि में गांजा रखने के आरोप में अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था और दूसरा मामला तेंदुए के दांत का पेंडेंट पहनने का था, जिसके बारे में उन्होंने कहा था कि यह उनके एक प्रशंसक ने उन्हें उपहार में दिया था।
घटनाक्रम के अनुसार एक महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया था कि वेदान ने साल 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए उससे दोस्ती की। समय के साथ रिश्ता गहरा हो गया। वेदान ने शादी का वादा किया और 2021 से 2023 के बीच कोझिकोड, कोच्ची और अन्य जगहों पर उनके साथ बलात्कार किया। वेदान ने जब शादी से इन्कार कर दिया तो डॉक्टर ने उनके खिलाफ थ्रिक्काकारा पुलिस स्टेशन में बलात्कार की FIR दर्ज करा दी।
पुलिस ने वेदान के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया था ताकि वो देश छोड़कर जाने की कोशिश ना कर सके क्योंकि मामला सामने आने के बाद से ही वो फरार था। इसके बाद कई महिलाओं ने उनके खिलाफ बलात्कार की शिकायत की।
वेदान ने 27 अगस्त 2025 को केरल हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दे दी। वेदान के वकील एस राजीव, वी विनय, एमएस अनीर, सरथ केपी, अनिलकुमार सीआर, केएस किरण कृष्णन, दीपा वी, आकाश चेरियन थॉमस और आज़ाद सुनील ने तर्क दिया कि दोनों के बीच संबंध आपसी सहमति से बना है। महिला ने एक फैन के रूप में उनसे संपर्क किया और फिर ये रिश्ता शुरू किया। शिकायतकर्ता ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए तर्क दिया कि वेदान ने इसी तरह अन्य युवतियों को भी धोखा दिया है। हालांकि, न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस ने कहा कि प्रत्येक मामले को स्वतंत्र रूप से देखा जाना चाहिए।
आखिरकार केरल हाईकोर्ट ने वेदान को सशर्त जमानत दे दी। साथ ही निर्देश दिया कि मंगलवार से दो दिनों के लिए जांच टीम के सामने पेश होना है। 5 घंटे की पूछताछ के बाद बुधवार को पूछताछ के दौरान ही उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई। गिरफ्तारी दर्ज करने के बाद पुलिस वेदान को मेडिकल जांच के लिए लेकर गई और फिर वापस थाने लाकर उन्हें रिहा कर दिया।
