प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो को साड़ी पहनाने वाले कांग्रेस के नेता को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सच में साड़ी पहना दी। अब कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
घटना महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उपनगर डोम्बिवली की है। यहां 73 वर्षीय कांग्रेस के नेता प्रकाश पगारे उर्फ़ मामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक मॉर्फ्ड वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इस पोस्ट पर शीर्षक लिखा था कि माफ करना लड़कियों, मैं भी ट्रेंड में रहना चाहता हूं। इस वीडियो पोस्ट में आपत्तिजनक गाना भी था।
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद मंगलवार सुबह भाजपा नेताओं ने मामा पगारे को फोन कर मीटिंग करने के बहाने बुलाया। बीच सड़क उन्हें खड़ा कर, दोनों हाथ पकड़ कर साड़ी पहना दी। भाजपा के कल्याण जिला अध्यक्ष नंदकिशोर परब उर्फ़ नंदू और संदीप माली सहित 15 भाजपा कार्यकर्ता इस मौके पर मौजूद थे। भाजपा नेता नरेंद्र शर्मा ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस नेता मामा पगारे ने प्रधानमंत्री मोदी का अपमान किया, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर ऐसा दोबारा हुआ तो हमारे कार्यकर्ता वैसी ही कार्रवाई करेंगे जैसी आज की।
