पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (मानवाधिकार) मोहम्मद मुस्तफा पर उनके बेटे अकील अख्तर की हत्या और आपराधिक षड्यंत्र रचने का मामला पंचकूला पुलिस ने दर्ज किया है। इस FIR में मोहम्मद मुस्तफा की पत्नी और पंजाब की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, उनकी बेटी और पुत्रवधू के नाम भी शामिल हैं। अकील अख्तर पेशे से वकील थे और हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते थे।
गौरतलब है कि 16 अक्टूबर 2025 की देर रात अकील अख्तर की पंचकूला स्थित आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवार ने इसे दवाइयों की ओवरडोज से हुई मौत बताया था। अंतिम संस्कार के बाद 27 अगस्त 2025 का एक वीडियो सामने आया, जिसमें अकील ने अपने पिता और पत्नी पर चौंकाने वाले आरोप लगाए। वीडियो में अकील कहते हैं कि मैंने अपने डैड और वाइफ का अफेयर पकड़ा था। डेढ़ साल पहले यह सब पता चला। शादी के एक साल बाद 2018 में मैंने दोनों को ड्रेसिंग रूम के पास पकड़ा, लेकिन वह भाग गया। इतना ही नहीं अकील ने ये भी कहा कि उसके परिवार वाले उसे मारने की साजिश रच रहे हैं। मेरी पत्नी की शादी मेरे साथ नहीं, मेरे डैड के साथ हुई है। मुझे झूठे केसों में फंसाया जा रहा है। यहां तक कि मुझे रिहेब सेंटर में जबरदस्ती रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार ने उसके गैस एजेंसी के पैसे भी हड़प लिए और मानसिक प्रताड़ना दी।
अकील अख्तर के पड़ोसी शमसुद्दीन ने पंचकुला पुलिस को दी शिकायत में दावा किया कि अकील की पत्नी और मोहम्मद मुस्तफा के बीच अवैध संबंध थे और इसमें रजिया सुल्ताना की भूमिका भी थी। शमशुद्दीन की शिकायत पर पंचकुला MDC थाना पुलिस ने मोहम्मद मुस्तफा, रजिया सुल्ताना, अकील की पत्नी और बहन के खिलाफ धारा 103(1), 61 BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
DCP सृष्टि गुप्ता ने मीडिया को बताया कि मामले की निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित जांच सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है, जो एसीपी रैंक के अधिकारी की निगरानी में काम करेगा।
मोहम्मद मुस्तफा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहनेवाले हैं। वे 1985 बैच के IPS अधिकारी, पंजाब के पूर्व DGP, कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के करीबी रहे। उन्हें पांच वीरता पुरस्कार मिल चुके हैं। वहीं उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना पंजाब की चन्नी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री रह चुकी हैं। मृतक अकील की पत्नी पूर्व में पंजाब वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन रह चुकी हैं।
