लखनऊ सिटी : उत्तर भारत का पहला महिला रेलवे स्टेशन, यहां है सब कुछ ‘नारी शक्ति’ के हाथ !!

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन नॉर्थ इंडिया का पहला महिला रेलवे स्टेशन बना है। इस स्टेशन की सुपरिटेंडेंट से लेकर सुरक्षा तक की सारी कमान 34 महिलाएं संभाल रही हैं। लखनऊ के 10 रेलवे स्टेशनों में यह इकलौता रेलवे स्टेशन है, जो ऑल वुमन रेलवे स्टेशन बना है।

एनईआर लखनऊ के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस स्टेशन में 34 महिलाओं का स्टाफ है। स्टेशन की बागडोर सीनियर रेलवे अफसर वर्षा श्रीवास्तव ने संभाली है। जो इस स्टेशन की सुपरिटेंडंट हैं। ऑल वुमन रेलवे स्टेशन की घोषणा करने से पहले 27 सितंबर से इसका ट्रायल शुरू किया गया।

धनतेरस से पहले वाले दिन 17 अक्टूबर से इसे ऑल वुमन रेलवे स्टेशन घोषित कर दिया गया। दिवाली के दौरान ही इस स्टेशन को ऑल वुमन रेलवे स्टेशन बनाने के पीछे के मकसद पर डीआरएम गौरव ने कहा कि चूंकि दीपावली मातृ शक्ति का शुभ समय होता है, इसलिए इसे चुना गया। रेलवे का कहना है कि लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन का उत्तर भारत का पहला ऑल वुमन रेलवे स्टेशन बनना महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल है।

आने वाले समय में इस स्टेशन में जरूरत के मुताबिक और भी सुविधाओं को जोड़ा जाएगा। यह स्टेशन अमृत भारत रेलवे स्टेशन स्कीम के तहत भी आता है। इस स्टेशन में सुपरिंटेडेट, टीटीई, आरपीएफ स्टाफ, टिकट विंडो, पूछताछ, पाइंट्समैन, सिग्नलिंग, वेटिंग रूम और कैटरिंग समेत तमाम विभागों में महिलाएं तैनात है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी महिला को उनकी मर्जी के खिलाफ यहां तैनात नहीं किया गया है।

बल्कि पहले पूरी डिविजन से इस बारे में पूछा गया था कि इस तरह का एक प्रस्ताव है। जिसमें लखनऊ सिटी स्टेशन को ऑल वुमन रेलवे स्टेशन बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। अगर किसी को लगता है कि वह इस स्टेशन में तैनात होने की इच्छुक हैं तो वह अपनी मंजूरी दे सकती हैं। बताया जाता है कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़चढ़कर इसमे अपनी मंजूरी दी। नॉर्थ-ईस्टर्न रेलवे के चीफ पीआरओ पंकज कुमार सिंह और लखनऊ डिवीजन के पीआरओ महेश गुप्ता ने बताया कि रेलवे महिला सशक्तिकरण में उठाया गया यह एक अभूतपूर्व कदम है।

Leave a Comment