बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हाजीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘आरजेडी-कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं, हम विकास की राजनीति करते हैं। RJD का मतलब है – R से रंगदारी, J से जंगलराज और D से दादागिरी और इसमें ये लोग अपने आप को अच्छा समझते हैं। इसलिए जब आप वोट देने जाएंगे तब लालू राज का गुंडाराज याद करियेगा।
बिहार के हाजीपुर में प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा- बिहार बहुत ही पवित्र और पुण्य भूमि है। ये भगवान महावीर, भगवान बुद्ध, आर्यभट्ट और चाणक्य की भूमि है। नालंदा, वैशाली जैसे विश्वविद्यालयों की पवित्र भूमि है। बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 10,000 रुपये लगभग 75 लाख बहनों के बैंक खाते में पहुंचे हैं। ये महिला सशक्तिकरण और उनके लिए स्वरोजगार का बहुत बड़ा माध्यम है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- दुर्भाग्य की बात है कि 15 साल का लालू यादव का एक ऐसा कालखंड आया, जिसने बिहार को बहुत ही नीचे पहुंचा दिया, जंगलराज पैदा कर दिया। अराजकता फैलाई गई, कानून व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया गया और उसके साथ-साथ यहां उद्योग के नाम पर अपहरण उद्योग प्रारंभ हो गया था। डॉक्टरों का अपहरण, वकीलों का अपहरण, उन पर गोलीबारी होना आम बात थी। व्यापारियों को उठा लिया जाता था और फिर फिरौती मांगी जाती थी। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात ये है कि इन फिरौतियों के लिए जो बातचीत होती थी, वो भी मुख्यमंत्री निवास में होती थी। लालू राज में हमने ऐसे अपराध के मामले देखे हैं कि अगर गाड़ी चोरी हो जाती थी, तो वह मुख्यमंत्री आवास में पाई जाती थी और मैं इन सब अपराधों का चश्मदीद गवाह रहा हूं।
जेपी नड्डा ने कहा- तेजस्वी यादव आज पलायन की बात करते हैं। लेकिन ये भूल जाते हैं कि इनके पिताजी में कहा था कि हमारा बिहारी अंगोछा पहनकर जाता है और टाई सूट पहनकर लौटता है। शर्म आनी चाहिए तेजस्वी को, क्योंकि इनके परिवार के चलते ही बिहारी लोगों को पलायन करना पड़ता था। अगर हम आर्थिक जगत की बात करें, तो आज दुनिया का कोई भी ऐसा इकोनॉमिक फोरम नहीं है, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ न की हो। आज दुनिया की सभी बड़ी एजेंसियां कह रही हैं कि भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
