प्रकाश मुले और ललित खोब्रागड़े
उल्हासनगर महानगरपालिका (UMC) के तारा-सितारा की एक और कारगुजारी पढ़िए। तारा मतलब ललित खोब्रागड़े और सितारा मतलब प्रकाश मुले। उल्हासनगर महानगर पालिका ने कुलविंदरसिंह बैन्स उर्फ़ बिंदर पाऊ के पेट्रोल पम्प को Occupancy Certificate (OC) नहीं दी है। फिर भी मेसर्स नायरा एनर्जी लि. ने पेट्रोल पम्प को OTP दे दी है। और पेट्रोल पम्प बिंदास चल रहा है।
कुलविंदरसिंह बैन्स उर्फ़ बिंदर पाऊ का यह पेट्रोल पम्प सर्वे नंबर-172, 173, हिस्सा-1, प्लॉट- 17(पी) और 20(पी), आरआरवी कम्पाउंड, सी-ब्लॉक से शांतिनगर जानेवाले रोड पर उल्हासनगर-3 में है। यह पेट्रोल पम्प मेसर्स नायरा एनर्जी लि. का है और मयूर ऑटोमोबाइल्स के नाम से संचालित हो रहा है। यह 710.43 मीटर में बना हुआ है। साल 2022-23 में यह सात महीने में बनकर तैयार हो गया था। तारा उर्फ़ ललित खोब्रागड़े वर्तमान में UMC में अतिरिक्त टाउन प्लानर है जबकि सितारा उर्फ़ प्रकाश मुले UMC से टाउन प्लानर के पद से रिटायर हो गया है।
रामकृपाल कड़ेदीन यादव की RTI डिमांड पर UMC के नगर रचना विभाग ने 29 सितम्बर 2025 को लिखित में इन्फॉर्मेशन दी कि मयूर ऑटोमोबाइल्स को प्रशासन ने OC नहीं दी है। इन्फॉर्मेशन की कॉपी ABI (abinewz.com) के पास है। सवाल है कि जब पेट्रोल पम्प को OC नहीं है तो मेसर्स नायरा एनर्जी लि. ने उसे संचालित करने के लिए OTP कैसे दे दी। इसका जवाब है 20 लाख रुपये। ये 20 लाख रुपये तारा-सितारा (ललित खोब्रागड़े और प्रकाश मुले), नायरा एनर्जी के मैनेजर अनिल नायर, फील्ड कर्मचारी अंकित और धीरेश को डिस्ट्रीब्यूट हुए। ABI (अकेला ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन) ने अंकित और धीरेश से बात की तो उनका कहना था कि उनकी कंपनी मेसर्स नायरा एनर्जी लि. ने OTP दी है। उन्होंने नहीं।
सबको मालूम है कि संचालित होने के लिए मयूर ऑटोमोबाइल्स (नायरा पेट्रोल पम्प) के पास प्रॉपर डॉक्युमेंट्स नहीं हैं। शिवसेना कल्याण लोकसभा क्षेत्र के जिला सचिव केशिरेड्डी तिरुपति रेड्डी ने 15 सितम्बर 2023 को UMC कमिश्नर को लिखित में शिकायत की थी कि नायरा पेट्रोल पम्प के डॉक्युमेंट्स की जांच कर उसे डिमॉलिश कर दिया जाय। परन्तु UMC प्रशासन ने कोई एक्शन नहीं लिया। ‘तारा-सितारा’ ने सब ‘संभाल’ लिया। पेट्रोल पम्प UMC कमिश्नर, पुलिस प्रशासन, फायर ब्रिगेड प्रशासन, मेसर्स नायरा एनर्जी लि. प्रबंधक अनिल नायर और शहरवासियों को मुंह चिढ़ाता हुआ बिंदास संचालित है।
इस पेट्रोल पम्प में 3 मशीनें और 10 नोज़ल्स हैं। नियम है कि सड़क के अंतिम छोर से साढ़े चार मीटर दूर ही मशीन बैठाई जा सकती है। पेट्रोल पम्प के एक्सपर्ट बताते हैं कि इस पेट्रोल पम्प के आगे वाली मशीन अवैध है। बिंदर पाऊ ने थोड़ी भी दूरी नहीं बनाई और एक मशीन बैठा दी। UMC के तारा-सितारा अथवा नायरा के अंकित और धीरेश को भी यह वायलेशन मालूम है।
बॉलीवुड की ‘एक और एक ग्यारह’ फिल्म में संजय दत्त ने ‘तारा’ और गोविंदा ने ‘सितारा’ का रोल किया था। UMC में वही रोल ललित खोब्रागड़े और प्रकाश मुले निभा रहे हैं। नायरा एनर्जी लिमिटेड (पूर्व में एस्सार ऑयल) में रूसी कंपनी रोसनेफ्ट की 49.13% हिस्सेदारी है। कंपनी गुजरात के वडिनार में 2 करोड़ टन प्रति वर्ष की क्षमता वाली रिफाइनरी और 6,750 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित करती है। केसानी एंटरप्राइजेज कंपनी नायरा में 49.13 प्रतिशत हिस्सेदारी रखती है। जिसमें रूस की यूनाइटेड कैपिटल पार्टनर्स और मारेतेरा ग्रुप होल्डिंग की हिस्सेदारी है। उल्हासनगर के मयूर ऑटोमोबाइल्स (नायरा पेट्रोल पम्प) को बिना OC के OTP देकर मेसर्स नायरा एनर्जी लि. कंपनी ने अपना नाम खराब कर लिया है।
रामकृपाल यादव और केशिरेड्डी तिरुपति रेड्डी का कहना है कि इस खुलासे के बाद UMC प्रशासन और मेसर्स नायरा एनर्जी लि. यदि मयूर ऑटोमोबाइल्स पर एक्शन नहीं लेते तो वे बॉम्बे हाईकोर्ट में रिट पिटीशन करेंगे।
