उत्तर प्रदेश के हाथरस के एक घर में ननद की शादी के लिए 54 लाख रुपए के गहने रखे थे। भाभी ने उन गहनों की चोरी कर उन्हें अपने मायके भेज दिया। भाभी का मायका जनपद मथुरा में है।
मामला हाथरस जिले के हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र का है। यहां एक भाभी ने अपनी ननद से मनमुटाव के कारण, उसकी शादी के लिए रखे गए करीब 54 लाख रुपए के गहने चोरी कर लिए और फिर उन्हें अपने मायके भेज दिया। ननद की शादी इसी 11 नवंबर को होने वाली है। हालांकि भाभी की पोल खुल गई और पुलिस ने गहने बरामद कर लिए।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि नई बस्ती, दिल्ली मोहल्ला निवासी अकरम उर्फ कलुआ पुत्र अय्यूब खान की बहन की शादी 11 नवंबर को होने वाली है। ऐसे में कलुआ ने बहन की शादी के लिए सोने के आइटम्स समेत 54 लाख रुपए मूल्य के गहने घर में रखे थे। लेकिन 23 और 24 अक्टूबर की आधी रात ये गहने घर से गायब हो गए। चोरी हुए गहनों में 03 चैन, 03 सिरबंद, 07 अंगूठी, 01 कलाई बंध/हथफूल, 06 चूड़ियां, 06 झाले कान के, 04 टॉप्स, 02 लौंग और 26 पायल सहित अन्य सामान शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये है।
कलुआ को जब ये बात पता लगी तो उसके होश उड़ गए और उसने 24 अक्टूबर को थाना हाथरस गेट पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मामला SP चिरंजीव नाथ सिन्हा तक पहुंचा तो उन्होंने इस मामले में जांच के आदेश दिए। गहने टांड़ पर रखे कनस्तर से चोरी हुए थे। पुलिस को कनस्तर छत पर मिले थे, जिनका ताला तोड़ा नहीं खोला गया था। चोरों के छत से नीचे आने की बात कही जा रही थी, लेकिन छानबीन में हर कहानी में झोल नजर आ रहा था। इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई तो पता लगा कि कलुआ की पत्नी का अपनी ननद से मनमुटाव था। वह नहीं चाहती थी कि इतने मूल्य के गहने ननद की शादी में दिए जाएं।
इसके बाद कलुआ की पत्नी ने गहनों को चोरी किया और उन्हें अपने मायके भिजवा दिया। जब कलुआ को बाद में अपनी पत्नी पर शक हुआ तो उसने पूछताछ की। इसके बाद पत्नी ने चोरी की बात कबूली और पुलिस ने गहनों को बरामद कर लिया।
