फरीदाबाद में कश्मीरी डॉक्टर के घर मिला 300 किलो RDX, एके-47 और भारी मात्रा में कारतूस, दिल्ली-NCR को दहलाने की थी साजिश

डॉक्टर मुजाहिल शकील

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कश्मीरी डॉक्टर मुजाहिल शकील की निशानदेही उसके घर से 300 किलो RDX, एके-47 राइफल और 84 कारतूस बरामद किए। आतंकी दिल्ली-NCR को दहलाने की एक बड़ी साजिश में लगे थे।

सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुछ दिन पहले हरियाणा के फरीदाबाद जिले के धौज में छापेमारी की थी। इस दौरान कश्मीरी डॉक्टर मुजाहिल शकील को गिरफ्तार किया था। डॉक्टर मुजाहिल शकील के बताये अनुसार रविवार को जम्मू-पुलिस ने वह स्थान खोज निकाला जहां विस्फोटक छुपाया गया था। पुलिस ने यहां से 300 किलोग्राम RDX, एक एके-47 राइफल, 84 कारतूस और पांच लीटर केमिकल बरामद किया। बरामद सामानों की कुल संख्या 48 बताई जा रही है।

खुफिया ब्यूरो की टीम भी इस मामले की जांच में जुटी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि पुलिस को यहां से 14 बैग बरामद हुए, जो काफी भारी थे। सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर ने यह कमरा करीब तीन माह पहले किराये पर लिया था।

एक अन्य बड़ी सफलता में, गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद से एक डॉक्टर समेत तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये संदिग्ध ‘जहर’ के जरिये देश में बड़ा आतंकी हमला करने की साजिश रच रहे थे। गुजरात एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तेलंगाना निवासी डॉक्टर अहमद मोहीउद्दीन सैयद, यूपी के आजाद सुलेमान शेख और सुहैल शामिल हैं।

आरोपियों के पास से आधुनिक हथियारों के साथ तीन विदेशी पिस्तौल, 30 कारतूस और चार लीटर कैस्टर ऑयल बरामद हुआ। कैस्टर ऑयल का उपयोग ‘रिकिन’ नामक घातक और बेहद विषैले जैविक जहर को तैयार करने में होता है। यह जहर शरीर में प्रवेश करने पर कोशिकाओं में प्रोटीन बनने की प्रक्रिया को रोक देता है, जिससे अंग काम करना बंद कर देते हैं।

इस नेटवर्क का कनेक्शन सहारनपुर से भी जुड़ा है। एजेंसियां जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में श्रीनगर में पोस्टर लगाने वाले डॉ. आदिल (MBBS व एमडी मेडिसिन) का कनेक्शन खंगाल रही हैं। आदिल को श्रीनगर पुलिस ने तीन दिन पहले सहारनपुर के एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया था।

आदिल मूलरूप से अनंतनाग का रहने वाला है। श्रीनगर पुलिस ने अनंतनाग में आरोपी के घर से सर्च ऑपरेशन के दौरान एके 47 भी बरामद की थी। अस्पताल प्रबंधन आदिल को बर्खास्त कर चुका है।

Leave a Comment