उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पत्नी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद पति ने उसकी शादी उसके प्रेमी से करवा दी। पति ने अपनी पत्नी को बहुत समझाया लेकिन वह नहीं मानी। तब थक हार कर उसने अपनी पत्नी की शादी, उसके प्रेमी से कोर्ट में जाकर विधिवत करवा दी और 5 साल पहले की अपनी शादी का संबंध विच्छेद कर लिया।
मामला जौनपुर जिले के शाहगंज के ताखा पश्चिम शिवपुर गांव का है। गांव निवासी ज्ञानचंद गौतम की शादी जून 2021 में हुसैनाबाद निवासिनी रवीना गौतम से हुई थी। ज्ञानचंद और रवीना का एक चार साल का एक बच्चा भी है। लेकिन 2024 में रवीना का प्रेम संबंध अपने ही मायके के प्रदीप कुमार गौतम नामक लड़के से हो गया। यह बात पति ज्ञानचंद को पता चली तो उसने विरोध किया लेकिन फिर भी रवीना नहीं मानी।
रवीना अक्सर अपने मायके जाने लगी और वहां प्रेमी से मिलने लगी। ज्ञानचंद ने यह भी पाया कि पत्नी रवीना के मोबाइल में कई आपत्तिजनक फोटो हैं। पति फिर समझाने लगा लेकिन पत्नी ने उसकी एक नहीं मानी। उल्टा धमकी देने लगी कि तुम्हे मरवा दूंगी। अब पति डर गया। उसे जान का खतरा लगने लगा। इसके बाद ज्ञानचंद ने काफी सोच-विचार कर तहसील शाहगंज में एसडीएम कोर्ट में पत्नी और उसकी प्रेमी की शादी करवा दी।
पति ज्ञानचंद ने बताया कि पत्नी धमकी देती थी कि उसे मरवा देगी। उसकी हत्या करवा देगी। इससे डरकर उसने प्रेमी से उसकी शादी कराने का फैसला लिया। ज्ञानचंद ने कहा है कि अब हम अपना देखेंगे। चार साल का बेटा हमारे साथ रहेगा।
