उत्तर प्रदेश के बदायूं में तीन मुस्लिम छात्रों ने स्कूल की कुछ हिन्दू छात्राओं की पानी की बोतल में पेशाब मिलाकर उनके बैग में रख दिया। छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें कीं और बाथरूम की दीवारों पर आपत्तिजनक मैसेज लिख दिए। पुलिस ने तीनों छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
मामला बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित श्रीमती चमेली देवी हायर सेकेंडरी स्कूल का है। 20 नवंबर को कक्षा 6 और 7 की छात्राएं धूप के कारण छत पर बैठकर पढ़ रही थीं। उनके बैग व पानी की बोतलें कक्ष में रखी थीं। उसी दौरान कक्षा 7 और 8 के 3 मुस्लिम लड़कों ने उनके पानी के बोतल में पेशाब मिला दी। इसके अलावा उन्होंने अश्लील हरकतें भी कीं और बाथरूम में आपत्तिजनक मैसेज भी लिखे। छात्राओं ने इसकी शिकायत स्कूल प्रबंधन से की। परन्तु स्कूल प्रबंधन ने शिकायत को अनदेखा कर दिया। इसके बाद छात्राओं ने घटना की जानकारी अपने परिवार वालों को दी, तो परिवारों ने हिंदूवादी संगठनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद स्कूल में जमकर हंगामा हुआ।
इस पूरे मामले में उसहैत के गढ़िया हरदोई पट्टी के रहने वाले करणी सेना के नगर अध्यक्ष शिवसेवक गुप्ता, बजरंग दल के उत्कर्ष मिश्रा और स्वयं भारद्वाज स्कूल पहुंचे और छात्रों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिवसेवक गुप्ता की तहरीर पर तीन अज्ञात मुस्लिम छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करणी सेना के नगर अध्यक्ष शिवसेवक गुप्ता ने कहा कि प्रशासन को स्कूल बंद कर देना चाहिए क्योंकि यहां छात्रों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं होंगी तो हम नहीं चाहते कि स्कूल खुला रहे। कार्रवाई न होने पर उन्होंने जिला स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी।
दूसरी तरफ स्कूल प्रबंधक विनोद कुमार ने शिवसेवक गुप्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिवसेवक गुप्ता करीब 100 लोगों को लेकर स्कूल में पहुंचे। उन्होंने स्कूल स्टाफ के साथ बदतमीजी की, गाली-गलौज की और एक छात्र के साथ मारपीट भी की। इसके बाद स्कूल की घंटी बजाकर छुट्टी कर दी और सभी बच्चों को भगा दिया।
प्रधानाचार्य ने छह छात्रों की टीसी काटकर पुलिस को दे दी। साथ ही उन छात्रों को स्कूल से भी निकाल दिया गया। उसहैत इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में टीम गठित कर गहनता से जांच कराई जा रही है। पूरे मामले की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजी गई है। विभागीय कार्रवाई वहां से की जाएगी। पुलिस जांच के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
