मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी नामक 31 साल के शख्स ने खुद को पैगंबर मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) का ‘वंशज’ बताकर दो महिलाओं से 11 लाख रुपये की ठग लिए। मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार माहिम के निवासी अंसार अहमद अब्दुल गनी की शिकायत पर मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि साल 2022 में अंसार अहमद अब्दुल गनी और उसके भाई इसरार फारूकी दक्षिण मुंबई स्थित एक दरगाह पर मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी से मिले। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी ने दावा किया कि वह पैगंबर मोहम्मद का ‘वंशज’ है और उसके पास उनके बाल हैं। पुलिस के अनुसार, बाद में दोनों भाइयों ने कादरी को माहिम स्थित अपने घर बुलाया, जहां वह कांच के डिब्बे में एक बाल लेकर आया, जिसके बारे में उसने दावा किया कि वह पैगंबर का है।
उन्होंने उस बाल को कुछ दिन अपने पास रखने की इच्छा जताई। पुलिस ने बताया कि उनके घर पर कुछ रस्में निभाने के बाद, उस व्यक्ति ने कांच के डिब्बे को उनकी अलमारी में रख दिया और उसे बंद कर दिया। कादरी ने भाइयों से कहा कि जब तक वह उन्हें ऐसा करने के लिए न कहे, तब तक वे अलमारी न खोलें।
अधिकारी ने बताया कि कुछ दिनों बाद, जब दोनों भाई घर पर नहीं थे, वह वापस आया। इस बार, वह दोनों भाइयों की पत्नियों से मिला और उनसे अपने सारे गहने डिब्बे के पास रखने को कहा। उसने कहा कि कुछ ही दिनों में ये दोगुने हो जाएंगे और उनके घर में और पैसा आएगा।
मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी के निर्देशानुसार, दोनों महिलाओं ने अपने सारे गहने डिब्बे के पास रख दिए। मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी ने उन्हें बाहर जाने को कहा क्योंकि वह कुछ रस्में करना चाहता था। जैसे ही दोनों महिलाएं अपने घर से बाहर निकलीं, मोहसिन अली अब्दुल सत्तार कादरी ने अलमारी से लगभग 11 लाख रुपये के गहने निकाले और भाग गया।
पुलिस के अनुसार धोखाधड़ी का मामला कुछ दिनों बाद तब प्रकाश में आया जब महिलाओं ने अपने पतियों को घटना के बारे में बताया।
