हिंदी फिल्मों के अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने बंगलुरू के एक पब में महिलाओं की तरफ देखकर बीच वाली अंगुली दिखाई। इसके खिलाफ सैंकी रोड निवासी एडवोकेट ओवैज हुसैन एस ने डीजीपी, बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर, डीसीपी (सेंट्रल डिवीजन), कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन और कर्नाटक राज्य महिला आयोग को शिकायत सौंपी है।
28 नवंबर 2025 को आर्यन खान कन्नड़ एक्टर जैद खान, आवास और वक्फ मंत्री जमीर अहमद खान के बेटे और कांग्रेस नेता मोहम्मद नलपद, वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एनए हारिस के बेटे के साथ एक पब में गया था। शुरुआत में उसने हाथ हिलाते भीड़ का अभिवादन किया लेकिन जैसे ही उसकी नज़र महिलाओं पर पड़ी वह मिडिल फिंगर दिखाने लगा। अंगुली करने का इशारा करते वह मुस्कुरा रहा था।
वकील ओवैज हुसैन एस की शिकायत के बाद कब्बन पार्क पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने उस पब का दौरा किया और उसके मैनेजर से पूछताछ की। पुलिस ने कहा कि वह क्लब परिसर की सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया वीडियो पोस्ट के आधार पर घटना की पड़ताल कर रही है। वर्तमान में यह मामला भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 173B के अंतर्गत दर्ज किया गया है, जो सार्वजनिक आपत्तिजनक हरकतों से सम्बंधित है। अगर आरोप साबित हुआ तो अभद्रता या सार्वजनिक अश्लीलता की धारा लागू हो सकती है।
सेंट्रल डिवीजन के पुलिस उपायुक्त हाके अक्षय मच्छिंद्र ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर उन्होंने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और पब परिसर से सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए।
वकील ओवैज हुसैन एस ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि इस घटना के दौरान वहां कई महिलाएं मौजूद थीं। उनका कहना है कि आर्यन खान का यह व्यवहार उनकी मर्यादा का अपमान है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार का अश्लील इशारा सार्वजनिक शिष्टाचार और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन है।
3 अक्टूबर, 2021 को आर्यन खान को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अधिकारी समीर वानखेड़े ने मुंबई में गिरफ्तार किया था। वह अपने 6 दोस्तों के साथ कॉर्डिलिया क्रूज़ पर समुद्र में ड्रग्स की पार्टी करने जा रहा था। मुंबई के आर्थर रोड जेल में 22 दिन बिताने और चार बार जमानत से इंकार किए जाने के बाद, उसे अक्टूबर 2021 में जमानत मिल गयी थी।
