स्कूल यूनिफॉर्म की मनमानी कीमतें, घटिया गुणवत्ता, गलत बिलिंग और बच्चों के अभिभावकों से सतत हो रहे शोषण के खिलाफ राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश तिवारी ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। डॉ. वेदप्रकाश तिवारी ने महाराष्ट्र राज्य विधि मापशास्त्र विभाग के कंट्रोलर को एक विस्तृत शिकायत भेजकर घाटकोपर के धनवंत यूनिफार्म की “लगातार जारी धांधली” पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि धनवंत यूनिफार्म के खिलाफ पहले ही दो अलग-अलग मामलों में केस दर्ज हो चुका है। पहला- 04/08/2023 और दूसरा-30/06/2025 को। फिर भी उसकी अवैध गतिविधियों में कोई रोक नहीं दिख रही है।
अधिकारी भी सवालों के घेरे में
शिकायत में इस बार लीगल मेट्रोलॉजी विभाग, परेल के अधिकारी भालेकर और अतुल मनवटकर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं, उनका कहना है कि 17/07/2025 और 05/11/2025 की उनकी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों ने आज तक कोई लिखित कार्रवाई रिपोर्ट नहीं दी गई। बार-बार फॉलोअप करने के बावजूद अधिकारी मामले को “लंबित” बताकर कार्रवाई टालते रहे। धनवंत यूनिफार्म के खिलाफ पहले से दर्ज दो केसों के बावजूद इन अधिकारियों की निगरानी और नियंत्रण कमजोर रहा।
80 से अधिक स्कूलों के साथ सांठगांठ का भी आरोप
डॉ. वेदप्रकाश तिवारी का कहना है कि “धनवंत यूनिफार्म की लगभग 80 स्कूलों के साथ सांठगांठ है। यह यूनिफॉर्म और जूतों को अत्यधिक कीमतों पर बेचता है। शिक्षण विभाग और संबंधित अधिकारी इस लूट पर आंखें मूंदे बैठे हैं, जो बेहद चौंकाने वाला और संदिग्ध है।”
कंट्रोलर से सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायत में मांग की है कि धनवंत यूनिफार्म पर त्वरित दंडात्मक कार्रवाई की जाए। पिछले सभी मामलों की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी स्वतंत्र जांच की जाए।
