पकौड़ी वाली दुल्हन
मध्य प्रदेश के मंदसौर के गांव में शादी के बाद दुल्हन ने पूरे परिवार को पकौड़ी खिलाकर बेहोश कर दिया और जेवर-नकदी लेकर फरार हो गई। दूल्हे ने 22 दिन पहले ही वह दुल्हन खरीदी थी। पुलिस अब लुटेरी दुल्हन की तलाश कर रही है।
घटना मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नांदवेल की है। करीब एक महीने पहले ही दूल्हे के पक्ष के लोग उत्तर प्रदेश के बनारस से 2.5 लाख रुपए में दुल्हन को खरीदा था। 20 दिन तक दुल्हन घर परिवार में बहू बनकर रही और मंगलवार रात उसने पूरे परिवार के लिए पकौड़ी बनाया। दुल्हन ने पकौड़ी में जहर मिलाकर सभी को बेहोश कर दिया और घर परिवार का तमाम कीमती सामान और जेवरात लेकर चंपत हो गई। परिवार के 9 सदस्यों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुहागरात में ही दुल्हन लूटकर फरार
यह घटना राजस्थान के धौलपुर जिले के कोलारी थाना क्षेत्र के पेपहेरा गांव की है। वसई नवाब चौकी इंचार्ज वीर विक्रम सिंह ने बताया कि पिपहेरा गांव निवासी सोनू कुमार पुत्र सुरेश सिंह ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि गत 6 दिसंबर को उसकी शादी झारखंड की युवती मंजू के साथ आगरा में संपन्न हुई थी। यह शादी भी बिचौलिए के मार्फ़त 1,20,000 रुपए में तय हुई थी। राशि दुल्हन मंजू के परिजनों को सौंपी गई थी। इसके अलावा शादी में करीब 1 लाख का अतिरिक्त खर्च आया था। शादी के लिए दूल्हे के पिता ने 2.50 लाख का कर्ज लिया था। 6 दिसंबर को कोर्ट मैरिज एवं मंदिर में शादी हुई थी। लेकिन फर्स्ट नाइट (सुहागरात) को दुल्हन खाद्य पदार्थ में नशीला पदार्थ खिलाकर सबको बेहोश कर फरार हो गई। शादी में दुल्हन के साथ उसकी बड़ी बहन भी आयी थी। वह भी फरार है।
