कल्याण में रॉबरी और छेड़खानी के आरोप में रैपिडो ड्राइवर गिरफ्तार

 

ठाणे जिले के उपनगर कल्याण की महात्मा फुले चौक पुलिस ने रैपिडो ड्राइवर सिद्धेश संदीप परदेशी को गिरफ्तार किया है। उस पर 26 वर्षीय महिला के साथ लूटपाट और छेड़खानी करने का आरोप है।

महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ इंस्पेक्टर बलिरामसिंह परदेशी ने मीडिया को बताया कि मामला शनिवार, 13 दिसम्बर 2025 की शाम 7 बजे का है। पीड़िता कल्याण (पश्चिम) के चिकनघर एरिया में रहती है। उसने कल्याण (पश्चिम) रेलवे स्टेशन, सितारा होटल के पास स्थित सिटी फिटनेस सेंटर जाने के लिए रैपिडो बाइक (MH04-MM-3365) बुक की। सिद्धेश परदेशी ने पीड़िता को सम्पदा अस्पताल के सामने से पिकअप किया। लेकिन उसे कल्याण स्टेशन की तरफ ले जाने की बजाय सिंडिकेट पुलिस कॉलोनी की तरफ ले गया। वहां अँधेरा और खाली प्लॉट देखकर पीड़िता को शक हुआ। वह बाइक पर से कूदकर भागने लगी। लेकिन सिद्धेश परदेशी ने उसका हाथ पकड़कर उसे खींच लिया। चाकू दिखाकर उसके गहने और पर्स में रखे 1,000 रुपये लूट लिए। इस पर पीड़िता ने शोर मचा दिया तो आसपास के लोगों ने सिद्धेश परदेशी को पकड़ लिया। पहले तो उसकी पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से स्प्रे भी बरामद हुई है।

पुलिस ने सिद्धेश परदेशी के खिलाफ BNS-2023 की धारा-309(6), 74, 324(2) के तहत FIR (नंबर-1232/2025) दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कल्याण न्यायालय ने उसे 18 दिसम्बर 2025 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

सिद्धेश परदेशी (19) कल्याण (पश्चिम) के खड़कपाड़ा का रहने वाला है। वह सातवीं कक्षा से ही पढ़ाई छोड़ चुका है। वह डेढ़ महीने से ही रैपिडो बाइक चला रहा था।

Leave a Comment