पाकिस्तान के कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धमकी दी है। एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने एक मुस्लिम महिला के हिजाब को चेहरे से हटाने की कोशिश की, जिस पर डॉन शहजाद भट्टी ने उन्हें धमकी दी है।
बता दें कि मामला सोमवार, 15 दिसम्बर 2025 को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय ‘संवाद’ में आयोजित 1,283 आयुष डॉक्टरों (आयुर्वेदिक, होमियोपैथिक और यूनानी) को नियुक्ति पत्र सौंपने के कार्यक्रम का है। महिला डॉक्टर नुसरत परवीन जैसे ही मंच पर नियुक्ति पत्र लेने पहुंची, नीतीश कुमार ने उनका हिजाब खींचकर उनसे कुछ पूछा था। वीडियो में साफ दिख रहा था कि नियुक्ति पत्र देने के बाद मुख्यमंत्री ने महिला डॉक्टर से पूछा, “ये क्या लगाए हो?” और इसके तुरंत बाद उनका हिजाब खींच दिया, यह हरकत इतनी अचानक और असहज करने वाली थी कि मंच पर मौजूद लोग कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए।
डॉन शहजाद भट्टी ने नीतीश कुमार को आगाह किया है कि वे महिला से माफ़ी मांगें। शहजाद भट्टी वीडियो में कह रहा है कि बिहार में एक बड़े पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा एक मुस्लिम महिला के साथ किया गया व्यवहार सभी ने देखा है। शहज़ाद भट्टी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि संबंधित व्यक्ति के पास अभी भी समय है कि वह उस महिला से माफी मांग लें, अन्यथा जिम्मेदार संस्थानों को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। उसने यह भी कहा कि “बाद में यह मत कहना कि चेतावनी नहीं दी गई थी।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शहजाद भट्टी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का रहने वाला है। उस पर भारत विरोधी और आतंकी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगते रहे हैं। सोशल मीडिया पर वह खुद को इस्लाम और पाकिस्तान का सिपाही बताता है।
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की इस धमकी को बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने सिरे से खारिज कर दिया। जमा खान ने कहा- उस आतंकी की इतनी औकात नहीं है कि वह कुछ भी कर सके। उसमें हिम्मत नहीं है कि वह बिहार या हमारे मुख्यमंत्री की तरफ आंख उठाकर भी देख सके।

https://shorturl.fm/8mIYd